{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम / मेले में जा रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप; शव सड़क पर रख किया चक्काजाम

 

​रतलाम, 20मई(इ खबर टुडे)। खमरिया गांव से अनादि कल्पेश्वर महादेव मेले में जा रहे एक 21 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बायपास रोड के किनारे मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए मंगलवार रात करीब 10:30 बजे शव को स्टेशन रोड स्थित थाने के सामने रखकर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही आलोट थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, खमरिया निवासी कृष्ण पाल (पिता लक्ष्मण सिंह) सोमवार रात को क्षेत्र में आयोजित अनादि कल्पेश्वर महादेव मेले में जाने के लिए घर से निकला था। रास्ते में कुछ अज्ञात युवकों द्वारा उसके साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान कृष्ण पाल ने अपने परिजनों को फोन कर इस बात की जानकारी दी थी कि कुछ लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। इस दौरान परिजनों ने उसे जहर दिए जाने की आशंका भी जताई है।

​अस्पताल में मृत घोषित, थाने का घेराव
​इसके बाद कृष्ण पाल का शव बायपास रोड के पास लावारिस हालत में पड़ा मिला। वहां से गुजर रहे कुछ राहगीरों ने युवक को पहचान कर तत्काल उसके परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और युवक को तुरंत सिविल अस्पताल लेकर आए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

​युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीण और परिजन शव को लेकर आलोट थाने पहुंचे और बीच सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण काफी देर तक क्षेत्र का यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। परिजनों ने पुलिस के सामने युवक की हत्या किए जाने का सीधा आरोप लगाते हुए चार संदिग्ध व्यक्तियों पर अपनी शंका जताई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।