{"vars":{"id": "115716:4925"}}

खेतलपुर गौशाला में श्राद्ध नवमी पर उमड़ा भक्ति का भाव, गोमाता को अर्पित किया गया 11 क्विंटल का ‘56 भोग’

 

​रतलाम, 04 अक्टूबर(इ खबर टुडे)। श्राद्ध पक्ष की नवमी तिथि के पावन अवसर पर खेतलपुर स्थित गौशाला में गौसेवक परिवार द्वारा गोमाता के प्रति अगाध श्रद्धा और समर्पण व्यक्त करते हुए भव्य '56 भोग' महाप्रसाद का आयोजन किया गया। 

भक्तिमय माहौल में गौसेवकों ने गोमाता का विधिवत पूजन-अर्चन कर उन्हें विविध व्यंजनों और पौष्टिक खाद्य सामग्रियों का भोग लगाया।
​इस आयोजन का मुख्य आकर्षण गोमाता को अर्पित किए गए 56 भोग की विशाल मात्रा रही, जो कुल मिलाकर 11 क्विंटल से भी अधिक थी। गौसेवकों ने गोमाता के स्वास्थ्य और रुचि का विशेष ध्यान रखते हुए इस महाप्रसाद को तैयार किया था।

​स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजनों से सजा 56 भोग
महाप्रसादी में​ इमरती, जलेबी, लापसी, मोतीचूर के लड्डू, आगरे का पेठा, घेवर, फिनी, मखाने और रसभरी जलेबियों सहित कई पारंपरिक मिठाइयां रखी है। 10 प्रकार के ताजे मौसमी फल और गोमाता की पसंदीदा 10 तरह की हरी-भरी सब्जियां और उच्च गुणवत्ता का हरा चारा, विभिन्न प्रकार की खल (खली) और मेवे (ड्राई फ्रूट्स) भी भोग तैयार था।

​आध्यात्मिक महत्व और महाआरती
गौसेवक परिवार के सदस्यों ने बताया कि सनातन परंपरा में श्राद्ध पक्ष के दौरान गोमाता की सेवा और तृप्ति का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। इसी पुण्य भावना से प्रेरित होकर सभी गौसेवकों ने एकजुट होकर इतने विशाल पैमाने पर 56 भोग तैयार कर अर्पित किया।

​कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गोमाता की महाआरती उतारी और क्षेत्र में सुख, समृद्धि तथा आरोग्यता की कामना की।