पवित्र श्रावण मास: डाक विभाग की अनोखी पहल, अब घर बैठे मिलेगा गंगोत्री का पवित्र गंगाजल
रतलाम,01अगस्त (इ खबर टुडे)। पवित्र श्रावण मास में भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए भक्तों को अब गंगाजल की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। भारतीय डाक विभाग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गंगोत्री से प्राप्त शुद्ध एवं पवित्र गंगाजल उपलब्ध करा रहा है। रतलाम डाक संभाग ने सावन मास और शिवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की हैं।
अधीक्षक डाकघर राजेश कुमावत ने बताया कि डाक विभाग द्वारा वर्षभर गंगाजल की बिक्री की जाती है, लेकिन सावन मास में इसकी मांग अत्यधिक बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए रतलाम, जावरा, झाबुआ, अलीराजपुर एवं पेटलावद क्षेत्र के सभी विभागीय डाकघरों में पर्याप्त मात्रा में गंगाजल की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
प्रमुख मंदिरों पर लगेंगे विशेष स्टॉल
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रतलाम डाक संभाग द्वारा प्रत्येक सावन सोमवार को संभाग के प्रमुख शिव मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे, ताकि मंदिर परिसर में ही भक्तों को गंगोत्री का जल आसानी से मिल सके।
विशेष स्टॉल विरुपाक्ष महादेव मंदिर (बिलपांक), केदारेश्वर महादेव मंदिर (सैलाना), आनंदीकल्पेश्वर महादेव मंदिर (आलोट), काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर (रतलाम)
संभाग के अन्य महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल प्रमुख केंद्र रहेगे।
घर बैठे या डाकघर से लें गंगाजल
डाक विभाग की इस पहल से श्रद्धालु अपने नजदीकी डाकघर के काउंटर से सीधे या फिर डाक विभाग की सुविधा के माध्यम से घर बैठे गंगोत्री का गंगाजल प्राप्त कर अपनी धार्मिक आस्था को और सुगम बना सकते हैं। डाक विभाग की इस व्यवस्था से रतलाम, झाबुआ और अलीराजपुर जिलों के लाखों शिव भक्तों में खासा उत्साह है।