{"vars":{"id": "115716:4925"}}

कनेरी रोड पर भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार युवक को रौंदा, मौके पर ही मौत

एम्बुलेंस और पुलिस के देरी से पहुंचने पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, सड़क पर लगाया चक्काजाम
 
गुस्साए ग्रामीणों ने कलेक्टर और एसपी को मौके पर बुलाने की मांग की, पुलिस की समझाइश के बाद खुला जाम

 

​रतलाम, 21 मई (इ खबर टुडे)। शहर से सटे कनेरी रोड पर गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने दूध लेकर जा रहे एक बाइक सवार युवक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि 19 वर्षीय युवक हवा में उछलकर सड़क पर काफी दूर जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

​भीषण टक्कर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बाइक पर बंधी दूध की केन करीब 60 से 70 फीट दूर जाकर एक खेत में गिरीं। हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कनेरी रोड पर चक्काजाम कर अपना कड़ा विरोध जताया।

​चाचा के सामने ही काल बनकर आई पिकअप
​जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा सुबह करीब 6:30 बजे डीडी नगर थाना क्षेत्र के कनेरी रोड पर हुआ। ग्राम कनेरी निवासी मोतीलाल (19 वर्ष), पिता शंकरलाल गुर्जर, रोज की तरह अपनी बाइक पर दूध लादकर शहर की ओर आ रहा था। उसके ठीक पीछे दूसरी बाइक पर उसके सगे काका (चाचा) मांगीलाल गुर्जर भी आ रहे थे। इसी दौरान एक कॉलोनी के सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने मोतीलाल की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। अपनी आंखों के सामने भतीजे को दम तोड़ते देख काका स्तब्ध रह गए।

​एक घंटे तक नहीं पहुंची मदद, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
​मृतक के काका मांगीलाल गुर्जर ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद उन्होंने आपातकालीन सेवा एम्बुलेंस 108 और पुलिस डायल 112 पर कॉल किया था। लेकिन बेहद संवेदनहीनता दिखाते हुए करीब एक घंटे तक कोई भी आपातकालीन सहायता मौके पर नहीं पहुंची। आखिरकार परेशान होकर ग्रामीणों ने गांव से एक निजी कार बुलाई और मोतीलाल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

​समय पर एम्बुलेंस और पुलिस सहायता न मिलने से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने कनेरी रोड के बीचो-बीच बैठकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी ग्रामीण जिला कलेक्टर और एसपी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए।

​पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
​चक्काजाम और हंगामे की सूचना मिलने पर सुबह करीब 9:00 बजे भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को काफी देर तक समझाइश दी। पुलिस ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि फरार पिकअप चालक के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और वाहन को जब्त किया जाएगा। पुलिस के इस ठोस आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और करीब ढाई घंटे बाद चक्काजाम समाप्त किया जा सका, जिसके बाद यातायात बहाल हुआ।