{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 पुराना कलेक्ट्रेट परिसर में लावारिस मिली डेढ़ साल की मासूम, आशा कार्यकर्ताओं ने दिखाई मानवता

 
 

रतलाम,13 मई (इ खबर टुडे)। शहर के व्यस्ततम क्षेत्र पुराना कलेक्ट्रेट स्थित गुलाब चक्कर गार्डन के समीप बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहाँ कोई अज्ञात व्यक्ति अपनी लगभग डेढ़ वर्ष की मासूम बच्ची को लावारिस हालत में छोड़कर चला गया। बच्ची के पास कपड़ों से भरा एक बैग भी मिला है, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि उसे योजनाबद्ध तरीके से वहाँ छोड़ा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, गुलाब चक्कर परिसर में आज आशा कार्यकर्ताओं की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक के दौरान ही कुछ कार्यकर्ताओं की नज़र पास में ही बैठी एक छोटी बच्ची पर पड़ी, जो अकेली थी और रो रही थी। जब काफी देर तक कोई उसे लेने नहीं आया, तो कार्यकर्ताओं को अनहोनी की आशंका हुई।

दिखाई संवेदनशीलता, पुलिस को दी सूचना
वहाँ मौजूद आशा कार्यकर्ताओं ने तुरंत बच्ची को संभाला, उसे चुप कराया और पानी पिलाया। इसके बाद तत्काल घटना की सूचना स्टेशन रोड पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और बच्ची को अपनी कस्टडी में लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन बच्ची के परिजनों का कोई सुराग नहीं मिल सका।

​अस्पताल में चेकअप के बाद चाइल्ड हेल्प सेंटर को सोपेंगे 
पुलिस बच्ची को लेकर सबसे पहले स्टेशन रोड थाने पहुँची, जहाँ से उसे मेडिकल चेकअप के लिए एमसीएच (MCH) अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण के बाद बच्ची पूरी तरह स्वस्थ बताई जा रही है। पुलिस प्रशासन के अनुसार, आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्ची को सुरक्षित रूप से चाइल्ड हेल्प सेंटर को सौंप दिया जाएगा।

​पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बच्ची के माता - पिता की तलाश कर रही है, जो इस मासूम को यहाँ छोड़कर गए हैं।