{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम: वाहन निकालने के मामूली विवाद में खूनी संघर्ष, लाइसेंसी बंदूक से चलीं गोलियां; तीन घायल

 
 

​रतलाम, 28अप्रैल (इ खबर टुडे)। जिले के नामली थाना क्षेत्र के ग्राम नेगड़दा में बीती रात मामूली विवाद ने भयानक रूप ले लिया। सड़क से वाहन निकालने जैसी छोटी सी बात पर दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद इतना बढ़ा कि लाइसेंसी हथियार से फायरिंग कर दी गई, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद की जड़ सड़क से वाहन गुजारने को लेकर हुई बहस थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच जुबानी जंग शुरू हुई जो जल्द ही गाली-गलौज और मारपीट तक पहुँच गई। आरोप है कि तनाव के बीच एक पक्ष के अशोक पिता बाबूलाल जाट, चरण सिंह जाट और जितेंद्र पिता बाबूलाल जाट ने अपने लाइसेंसी हथियार निकाल लिए और दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में विक्रम जाट, दिनेश जाट और चरण सिंह को छर्रे लगे हैं, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। मामला जाट समाज से जुड़ा बताया जा रहा है।

​गांव में पुलिस छावनी, वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे
​घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए नामली थाना पुलिस सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी बल के साथ देर रात ही मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत स्थिति को संभाला और घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

थाना प्रभारी अमित कोरी ने बताया कि सड़क से वाहन निकालने की मामूली बात पर दो पक्षों में विवाद ​हुआ है। "मामला दर्ज कर लिया गया है और घायलों का उपचार जारी है। पुलिस घटना की हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।"