पश्चिम रेलवे, रतलाम मंडल एवं आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट ऑर्गनाइजेशन के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर
रतलाम, 29 जनवरी(इ खबर टुडे ) । पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में ट्रैफिक गेटमैन एवं पॉइंट्समैन के पदों पर पूर्व सैनिकों की तैनाती हेतु पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल एवं आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट ऑर्गनाइजेशन (AWPO) के मध्य एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर 29 जनवरी 2026 को हस्ताक्षर किए गए।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस समझौता ज्ञापन के अंतर्गत रतलाम मंडल
के विभिन्न स्थानों पर पूर्व सैनिकों को ट्रैफिक पॉइंट्समैन के रूप में तैनात किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से लगभग 100 ट्रैफिक पॉइंट्समैन का
नियोजन प्रस्तावित है। यह समझौता मंडल रेल प्रबंधक, रतलाम श्री अश्वनी कुमार के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन का परिणाम है।
इस समझौते के साथ ही रतलाम मंडल पश्चिम रेलवे का पहला ऐसा मंडल बन गया है, जिसने इस प्रकार का एमओयू हस्ताक्षरित किया है। यह भारतीय रेलवे में पूर्व सैनिकों को पॉइंट्समैन के रूप में तैनाती करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल है। इसके साथ ही रतलाम मंडल उन चुनिंदा मंडलों में शामिल हो गया है, जहाँ इस तरह के समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
समझौता ज्ञापन पर रतलाम मंडल की ओर से वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री आलोक चतुर्वेदी एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अविनाश कुमार ने,
जबकि आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट ऑर्गनाइजेशन की ओर से कर्नल श्री मुकेश कुमार तिवारी (सेवानिवृत्त) ने हस्ताक्षर किए। इस एमओयू के अंतर्गत चयनित
पूर्व सैनिकों की भौतिक तैनाती आगामी 15 दिनों के भीतर प्रारंभ की जाएगी। यह समझौता दोनों संगठनों के बीच दीर्घकालिक एवं फलदायी सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे रेल परिचालन की सुरक्षा में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।