रतलाम में विशेष शिविर : मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का सुनहरा मौका, 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवा भी कर सकेंगे आवेदन
रतलाम, 06 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य प्रारंभ हो चुका है। इसके तहत 7, 8 एवं 9 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर तीन दिवसीय विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। शिविरों में छूटे हुए पात्र नागरिकों के साथ-साथ नए युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
अभियान के दौरान ऐसे सभी पात्र नागरिक जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। इसके अलावा, जो युवा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे भी अग्रिम रूप से फॉर्म-6 भरकर आवेदन करने के लिए पात्र होंगे।
अब फॉर्म-6 के साथ घोषणा पत्र जरूरी नहीं
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फॉर्म-6 जमा करते समय आवेदकों को अलग से घोषणा पत्र देने की आवश्यकता नहीं है। बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे बिना घोषणा पत्र के ही पात्र आवेदकों के फॉर्म-6 अनिवार्य रूप से स्वीकार करें।
ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों सुविधाएं
आवेदक अपने संबंधित मतदान केंद्र पर BLO अथवा निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) कार्यालय में फॉर्म-6 जमा कर सकते हैं। नागरिक घर बैठे आयोग के आधिकारिक पोर्टल voter.eci.gov.in के माध्यम से भी फॉर्म-6 भर सकते हैं।
कलेक्टर ने की अभियान का लाभ उठाने की अपील
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कटेसरिया ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस तीन दिवसीय विशेष शिविर का अधिकतम लाभ उठाएं और अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेंद्र रावत ने सभी BLO एवं सुपरवाइजरों को निर्देश दिए हैं कि वे पूरी गंभीरता और तत्परता से कार्य करें, क्योंकि इस पुनरीक्षण अभियान की सीधी मॉनिटरिंग चुनाव आयोग द्वारा की जा रही है।