{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम: दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र में मनचलों और पड़ोसियों के प्रताड़ना से परेशान छात्रा ने लगाई पुलिस गुहार

घर में अकेली छात्रा को खींचकर बाहर निकालने, अभ्रदता करने और छत व संपत्ति को नुकसान पहुँचाने का आरोप
 
माता-पिता के अस्पताल में होने का उठाया फायदा, पीड़िता ने एसपी और थाना प्रभारी को सौंपा शिकायत आवेदन

 

रतलाम, 12 अगस्त (इ खबर टुडे)। शहर के दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले डोंगरे धाम इलाके में रहने वाली एक कॉलेज छात्रा ने अपने पड़ोसियों द्वारा लगातार मानसिक प्रताड़ना, मारपीट के प्रयास और संपत्ति को नुकसान पहुँचाए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने इस संबंध में थाना प्रभारी दीनदयाल नगर एवं पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता चेल्सी जैन पिता श्री विनोद जैन, निवासी 20, डोंगरे धाम, रतलाम ने आवेदन में बताया कि वह एक छात्रा है और उसके पड़ोसी गिरिराज मंडोरा, उनकी पत्नी कौशल्या मंडोरा, उनकी माता तथा परिवार के अन्य सदस्य पिछले लंबे समय से उसे और उसके परिवार को लगातार परेशान कर रहे हैं।

घटना बीते दिन मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे की है, जब चेल्सी के माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे क्योंकि उसकी माताजी अस्पताल में भर्ती थीं और पिता उनकी देखरेख के लिए वहीं मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी गिरिराज मंडोरा, उसकी पत्नी और उसकी माता ने घर का दरवाजा बजाया और छत पर जाकर नुकसान पहुँचाया।

घर से खींचकर बाहर निकाला और दी धमकियाँ
पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसे जबरन घर से बाहर खींचकर निकाला और अश्लील गालियां दीं। जब छात्रा ने विरोध किया और बताया कि उसके माता-पिता घर पर नहीं हैं, तो आरोपियों ने मोहल्ले के लोगों को बुलाकर उस पर दबाव बनाया और अपमानजनक शब्द कहे। आरोप है कि आरोपियों ने घर की छत पर रखी पानी की टंकी, गमलों, पौधों और बाहरी दीवार को भी जानबूझकर क्षतिग्रस्त किया है।

करियर और पढ़ाई हो रही है प्रभावित
छात्रा का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि निर्माण कार्य के नाम पर पिछले लगभग एक साल से उसे आए दिन प्रताड़ित किया जा रहा है। आरोपियों के इस तरह के लगातार टॉर्चर, मानसिक उत्पीड़न और झूठी शिकायतें करवाने के प्रयासों से उसकी पढ़ाई और भविष्य का करियर खतरे में पड़ गया है।

पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक अमित कुमार और थाना प्रभारी अनुराग यादव से मांग की है कि आरोपियों द्वारा किए गए नुकसान (पानी की टंकी, छत और बाहरी दीवार की मरम्मत) की भरपाई करवाई जाए और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि वह भयमुक्त होकर अपनी पढ़ाई पूरी कर सके।