{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 जावरा में फुड पाइजनिंग से एक दर्जन लोगों की तबियत बिगडी

 
 

रतलाम,25 जनवरी (इ खबरटुडे)। जिले के जावरा कस्बे में एक सामाजिक समारोह के दौरान भोजन में फुड पाइजनिंग के कारण एक दर्जन से ज्यादा लोगों की तबियत खराब होने की सूचना है। हांलाकि अधिकारिक रुप से फुड पाइजनिंग से 6 लोगों की तबियत बिगडने की बात कही जा रही है।

अभी तक मिली सूचनाओं के अनुसार,जावरा के हमालपुरा स्थित जमातखाने में दोपहर के समय आयोजित किए गए एक सामाजिक कार्यक्रम में भोजन करने के बाद लोगों की तबियत खराब होने लगी। उल्टी और घबराहट की शिकायतों के चलते कई लोग पिपलौदा रोड स्थित एक निजी नर्सिंग होम में पंहुचे। निजी नर्सिंग होम में करीब चौदह प्रभावित लोगों के पंहुचने की बात कही जा रही है। फुड पाइजनिंग से प्रभावित व्यक्तियों की संख्या और बढने की आशंका भी व्यक्त की जा रही है।

इसके विपरित शाम तक अधिकारियों की इस घटना की पूरी जानकारी नहीं थी। जावरा शहर थाने में तैनात पुलिस कर्मी ने इ खबरटुडे को बताया कि इस तरह की सूचना थाने को प्राप्त हुई है और पुलिसकर्मी तस्दीक के लिए मौके पर गए है। फुड पाइजनिंग किसके कार्यक्रम में हुई यह अभी तक स्पष्ट नहीं है। दूसरी ओर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक फुड पाइजनिंग के कारण प्रभावित दो व्यक्ति जावरा के शासकीय चिकित्सालय में पंहुचे थे,जबकि निजी नर्सिंग होम में चार प्रभावित पंहुचे है। अधिकारिक जानकारी के मुताबिक सभी प्रभावितों को प्राथमिक उपचार के बाद छुïट्टी दे दी गई और सभी की हालत खतरे से बाहर है।