{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम: खुशियां मातम में बदलीं; डीजे पर विवाद के बाद खूनी संघर्ष, एक युवक की मौत​​​​​​​

 

​रतलाम, 20 अप्रैल (इ खबर टुडे)। ताल थाना क्षेत्र के भोई मोहल्ले में शादी समारोह के दौरान डीजे बजाने की बात को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। हमले में गंभीर रूप से घायल एक युवक दिलीप (पिता प्रकाश माली) की रतलाम मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भोई मोहल्ले में शंकरलाल भोई की पुत्रियों के विवाह समारोह के दौरान बसौड़ से आई एक बारात के डीजे (एमपी 13 जीए 5099) का ऑपरेटर माखन कुमावत माइक से अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा था। स्थानीय निवासी दिलीप माली ने जब उसे गाली देने से मना किया, तो विवाद बढ़ गया।

​चाकू और लोहे के पाइप से हमला
​विवाद के दौरान डीजे ऑपरेटर माखन और उसके साथियों ने दिलीप पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए अन्य लोगों पर भी आरोपियों ने हमला किया। आरोप है कि माखन कुमावत ने जान से मारने की नीयत से दिलीप के पेट में चाकू से वार किया, जबकि उसके साथी बापू कहर ने लोहे के पाइप से हमला किया। घटना में बीच-बचाव करने आए समर्थ और अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।

​अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
​घटना के तुरंत बाद घायल दिलीप को सरकारी अस्पताल ताल ले जाया गया, जहाँ उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि, रतलाम ले जाते समय रास्ते में ही दिलीप ने दम तोड़ दिया। वर्तमान में मृतक का शव मेडिकल कॉलेज रतलाम में रखा गया है। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

​"हमने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीन से चार संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जबकि मुख्य आरोपी माखन फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल क्षेत्र में शांति है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।" 
 स्वराज डाबी, ताल थाना प्रभारी