{"vars":{"id": "115716:4925"}}

ससुराल जा रहे रतलाम के दंपती की हरियाणा में दर्दनाक सड़क दुर्घटना, पति-पत्नी और बेटे की मौत

 

 

​रतलाम, 20 नवंबर (इ खबर टुडे)। शहर के इंदिरा नगर निवासी एक परिवार के साथ शुक्रवार सुबह हरियाणा में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ससुराल के एक कार्यक्रम में शामिल होने पंजाब जा रहे दंपती और उनके बड़े बेटे की कार दुर्घटनाग्रस्त होने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना रतलाम पहुंचते ही परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।

​जानकारी के अनुसार, इंदिरा नगर निवासी करमजीत सिंह सिंधु (52) अपनी पत्नी पवनदीप कौर (48) और बड़े बेटे अमरेंद्र सिंह (23) के साथ गुरुवार शाम अपनी स्विफ्ट कार से पंजाब स्थित ससुराल के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे। शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे हरियाणा के रोहतक के पास उनकी कार भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार पति-पत्नी और बेटे तीनों की मौत हो गई। दुर्घटना के सटीक कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

​बुजुर्ग माता-पिता को नहीं दी गई हादसे की सूचना
हादसे की खबर रतलाम पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिचितों के अनुसार, करमजीत का पैतृक गांव भी पंजाब में होने के कारण परिवार का वहां अक्सर आना-जाना लगा रहता था। इस यात्रा के दौरान उनका छोटा बेटा रतलाम में अपने दादा-दादी के पास ही रुका हुआ था, जिससे उसकी जान बच गई। वहीं, सदमे की आशंका के चलते घर में मौजूद करमजीत के बुजुर्ग पिता मेजर सिंह और माता रणवीर कौर को फिलहाल इस दर्दनाक हादसे की जानकारी नहीं दी गई है।