{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम / पारिवारिक विवाद के बाद दंपत्ति ने खाया जहर, दोनों की मौत; दो मासूम बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया

 ​पुलिस मामले की जांच में जुटी, कमरे से नहीं मिला सुसाइड नोट
 
 

​रतलाम, 08 जून (इ खबर टुडे)। जिले के ताल थाना क्षेत्र में एक दंपत्ति द्वारा अज्ञात कारणों के चलते जहर खाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहरीले पदार्थ के सेवन से पति और पत्नी दोनों की मौत हो गई है। घटना के बाद से ही परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, ताल थाना क्षेत्र के संजू उर्फ संजय पिता सत्यनारायण प्रजापति 31 वर्षीय और उसकी पत्नी मंजू 30 वर्षीय ने अज्ञात कारणों के चलते सल्फास का सेवन कर लिया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर आपस में विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

​सुबह पिता ने खोला दरवाजा तो खुला राज
घटना का पता सोमवार सुबह उस वक्त चला जब संजू के पिता सत्यनारायण ने सुबह उठकर उनके कमरे का दरवाजा खोला। दोनों को अचेत अवस्था में देख परिजन तुरंत उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद पत्नी मंजू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, संजू की हालत बेहद गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहाँ इलाज के दौरान संजू ने भी दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद दंपत्ति के 8 वर्षीय और 6 वर्षीय दो मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है।

​मायके पक्ष के आने पर होगा पत्नी का पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलते ही ताल थाना प्रभारी स्वराज डाबी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। थाना प्रभारी डाबी ने बताया कि मृतकों के कमरे से किसी भी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक संजू का पोस्टमार्टम रतलाम मेडिकल कॉलेज में करवाया गया है, जबकि पत्नी मंजू का पोस्टमार्टम उसके मायके पक्ष के लोगों के आने के बाद कराया जाएगा। पुलिस आत्महत्या के असली कारणों का पता लगाने में जुटी है।