रतलाम / रूपये से भरा बैग प्लेट फार्म पर मिला, कुली को मिला उस ने सुरक्षित संभाल कर किया सुपुर्द
रतलाम, 24 जनवरी (इ खबर टुडे)। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन आई तो एक बुजुर्ग हड़बड़ी में अपना 1 लाख से अधिक रूपयों से भरा बैग प्लेटफॉर्म पर ही छोड़ दिया। इसे कहां रखा यह भी भूल गए। भीड़ में बैग इन्हें नहीं मिला तो बेसुद खोजते रहे। कुछ ही देर में कुली को यह बैग मिला। तब कुली ने आरपीएफ पोस्ट पर सूचना कर यात्री बुजुर्ग को बैग सुपुर्द किया। बुजुर्ग हार्ट पेशेंट थे तथा अपने उपचार के लिए रुपए लेकर जा रहे थे। कुली की ईमानदारी पर सभी ने धन्यवाद देकर सराहना की।
मामला 22 जनवरी रात करीब 9.30 बजे का है। यात्री रसिकलाल शाह उम्र (72) साल निवासी दहिसर ईस्ट रतलाम से जयपुर-मुंबई एक्सप्रेस में सवार होने प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर आए थे। इनकी एस - 6 कोच में बर्थ थी। कोच खोजने की हड़बड़ी में यात्री ने अपना रुपयों से भरा बैग प्लेटफॉर्म पर रख दिया। कुछ ही देर में भीड़ बढ़ गई तो यात्री बैग रखने का स्थान भूल गए। कुछ ही देर में ट्रेन चलती बनी। बैग नहीं मिलने से बेसुध यात्री प्लेटफॉर्म पर चिल्लाने लगे। उन्होंने सहायक उप निरीक्षक महेंद्र सिंह व हेड कांस्टेबल हरवीर सिंह को देख सूचना दी।
उन्होंने बताया कि मेरा बैग मिल नहीं रहा है। मैंने कहा रख दिया है मुझे भी मालूम नहीं। इधर, कुली भरतसिंह पिता गंगाराम बिल्ला नंबर 2469 को यह बैग प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर इंट्री गेट की ओर रखा दिखाई दिया। तब अपने साथी कुली गब्बू पिता नबी बिल्ला नंबर 2794 के साथ बैग लेकर आरपीएफ पोस्ट पहुंचे। हालांकि पोस्ट पर यात्री पहले ही मौजूद थे। कुलियों की उपस्थिति में बैग खुलवाया गया। तब इसमें सभी सामान सहित 1 लाख 15 हजार रुपए यथावत मिलें। यात्री को उनका बैग सलामती से सुपर्द किया गया। आरपीएफ ने यात्री को समझाइश दी कि इतनी रकम लेकर वे अकेले यात्रा नहीं करें।