{"vars":{"id": "115716:4925"}}

Ratlam Railway Mandal: मंदसौर जिले में 48 घंटे में बनेगा 6 मीटर चौड़ा, 2.65 मीटर ऊंचा और 100 मीटर लंबा अंडरपास

 

Ratlam Railway Mandal: मंदसौर नगर में रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज बनने के बाद अब अंडरपास निर्माण की दिशा में काम शुरू हो गया है।

रेलवे ने फाटक पर मिट्टी परीक्षण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। अंडरपास निर्माण का यह पहला चरण है, जिससे नगर के दोनों हिस्सों को जोड़ने का सपना अब साकार होने की ओर बढ़ा है। शनिवार दोपहर इंदौर से आई मिट्टी परीक्षण मशीन पिपलिया स्टेशन रेलवे समपार क्रमांक 141 पर पहुंची।

मशीन के ऑपरेटर कोवसी गरासिया ने बताया कि मिट्टी परीक्षण की यह प्रक्रिया तीन दिनों तक चलेगी। इस दौरान मशीन से खुदाई कर रेलवे फाटक के दोनों ओर से मिट्टी के नमूने एकत्र किए जाएंगे, जिन्हें परीक्षण के लिए इंदौर की प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
मिट्टी की मजबूती, नमी और संरचना के आधार पर अंडरपास निर्माण में प्रयुक्त होने वाली सामग्री का चयन किया जाएगा। मशीन के रेलवे फाटक पर पहुंचते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग वहां एकत्र हो गए। लोगों में अंडरपास की शुरुआत को लेकर काफी उत्सुकता रही। 

उपस्थित लोगों ने बताया कि नगर में यह फाटक वर्षों से बंद है। इससे नगर के दोनों हिस्सों में आवागमन पूरी तरह बाधित था। अंडरपास बनने से यह समस्या दूर होगी। ऑपरेटर कोवसी गरासिया और अन्य का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया। रहवासी व एडवोकेट अंजुमन सदर एम सय्यद मंसूरी ने बताया कि ओवरब्रिज बनने के बाद पिपलियामंडी नगर दो हिस्सों में बंट गया था। नगर परिषद, सब्जी मंडी, गांधी चौराहा और कृषि मंडी जैसी मुख्य जगहों पर पहुंचने के लिए लोगों को ओवरब्रिज चढ़ना और उतरना पड़ता था। इससे आम नागरिक, महिलाएं, बुजुर्ग और विद्यार्थी सभी को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। उन्होंने कहा कि अब अंडरपास बनने के बाद लोगों को आने-जाने में राहत मिलेगी और नगर का यातायात फिर से सुचारू हो सकेगा। यह क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी राहत है।

अंडरपास की लगातार की जा रही थी मांग

6 करोड़ 37 लाख रुपए से बनने वाला अंडरपास निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। नगर परिषद अध्यक्ष इंदिरा सुनील देवरिया ने बताया कि अंडरपास की लगातार मांग की जा रही थी। समस्याओं को देखते हुए नगर हित में उक्त ओवरब्रिज के नीचे अंडरपास बनाने के लिए क्षेत्र के विधायक एवं प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा को अवगत कराया गया था। बताया कि ब्रिज की चौड़ाई 6 मीटर, ऊंचाई 2.65 मीटर और लंबाई लगभग 100 मीटर होगी। यह भी बताया गया कि अंडरपास उच्च स्तरीय तकनीक से बनेगा, जो मात्र 48 घंटे में तैयार हो जाएगा।