रतलाम / अज्ञात कारणों के चलते 23 वर्षीय युवक ने खेत पर फांसी लगाकर की आत्महत्या
रतलाम, 17 मई (इ खबर टुडे)। रतलाम जिले के रिंगनोद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मोयाखेड़ा रोड पर एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 23 वर्षीय युवक ने अज्ञात कारणों के चलते अपने ही खेत पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रिंगनोद थाना क्षेत्र के निवासी मृतक की पहचान आयुष प्रजापत (उम्र 23 वर्ष), पिता राकेश प्रजापत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बीते शनिवार की रात जब आयुष समय पर अपने घर नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद आयुष का भाई राकेश और अन्य लोग उसे ढूंढते हुए मोयाखेड़ा रोड स्थित अपने कुएँ वाले खेत पर पहुँचे। खेत पर पहुँचते ही परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने देखा कि आयुष का शव खेत पर स्थित एक नीम के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका हुआ था।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
परिजनों ने आनन-फानन में आयुष को फंदे से नीचे उतारा और तुरंत गाँव के स्थानीय डॉक्टर के पास ले गए। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए, प्राथमिक उपचार के बाद टोल एम्बुलेंस की मदद से उसे तत्काल जावरा जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद आयुष को मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल, युवक ने यह आत्मघाती कदम किस वजह से उठाया, इसके कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति का पता चलेगा। पुलिस मामले की जाँच में जुट गई है।