रतलाम में 80 वर्षीय बुजुर्ग सट्टा करते गिरफ्तार, पुलिस ने की कार्रवाई
रतलाम, 28 मार्च (इ खबर टुडे)। शहर में अवैध सट्टा गतिविधियों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में माणकचौक थाना पुलिस ने शुक्रवार दोपहर एक 80 वर्षीय बुजुर्ग को सट्टा करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि शहर के मुख्य घास बाजार स्थित गोपाल मंदिर के पास में अवैध रूप से सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी, जहां आरोपी प्रकाश पिता मनोहर जैन (80 वर्ष), निवासी सुतारों का वास, को सट्टा लगाते हुए पकड़ा गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से सट्टे में उपयोग की जा रही नगद राशि 920 रुपए भी जब्त की। आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर माणकचौक थाने लाया गया, जहां उसके खिलाफ सट्टा अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है