{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम / पुलिस की बड़ी सफलता, अवैध हथियार के साथ इंदौर के 4 बदमाश गिरफ्तार, टाटा सफारी जप्त

 

​रतलाम,05 मई (इ खबर टुडे)। अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतलाम पुलिस ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रिंगनोद पुलिस ने महू-नीमच हाईवे पर घेराबंदी कर एक टाटा सफारी कार से देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए चारों आरोपी इंदौर के निवासी बताए जा रहे हैं।

​पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन एवं एएसपी विवेक कुमार व एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना रिंगनोद व चौकी ढोढर पुलिस टीम सक्रिय थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि महू-नीमच हाईवे स्थित सरदार पंजाबी ढाबा के पास एक संदिग्ध वाहन में कुछ लोग अवैध हथियार लेकर खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

​कार की तलाशी में मिला हथियार
​घेराबंदी के दौरान पुलिस ने काले रंग की टाटा सफारी (MP-09-AJ-0090) को रोककर उसकी सघन तलाशी ली। वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को एक अवैध देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने हथियार और 20 लाख रुपये कीमत की लग्जरी कार को जप्त कर लिया है।

​इंदौर के रहने वाले हैं आरोपी
​पुलिस ने मौके से चार
आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान ​अतुल पिता श्यामलाल राजनोद 29 वर्ष, ​अभिराज पिता माधवसिंह बघेल 38 वर्ष, ​राहुल पिता जयनारायण सोलंकी 31 वर्ष, ​संजय पिता सुरेश मालवीय 29 वर्ष सभी निवासी इंदौर के रूप में हुई है।
​ 
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना रिंगनोद में अपराध क्रमांक 176/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 में मामला दर्ज किया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि वे यह हथियार कहाँ से लाए थे और उनका उद्देश्य क्या था।

​इनकी रही सराहनीय भूमिका
​इस सफल कार्रवाई में रिंगनोद थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, उपनिरीक्षक रघुवीर जोशी, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, आरक्षक कृष्णपाल सिंह, राधेश्याम, रविंद्र सिंह, शोभाराम शर्मा एवं नरेंद्र सिंह जगावत का विशेष योगदान रहा।