शेयर मार्केट के नाम पर 35 लाख की धोखाधड़ी, अब पीड़ित से मांग रहा 1 करोड़ रुपए; सरवन पुलिस ने दर्ज किया मामला
रतलाम, 19 जून (इ खबर टुडे)। जिले के सरवन थाना क्षेत्र में शेयर मार्केट में निवेश और सिखाने के नाम पर एक युवक से लाखों रुपए की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने पीड़ित को झांसे में लेकर पहले 35 लाख रुपए हड़प लिए और अब उल्टा पीड़ित पर ही 1 करोड़ रुपए देने का दबाव बना रहा है। पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर सरवन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया से मिली जानकारी के अनुसार, रतलाम के 80 सैफी नगर के निवासी दिव्यांश उर्फ छोटू सोनी (पिता कमल कुमार सोनी), जिनकी चांदनी चौक स्थित केके मार्केट में 'गणेश ज्वेलर्स' नाम से दुकान है, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे शेयर मार्केट में काम करना चाहते थे। इसी दौरान उनकी दोस्ती सरवन निवासी आदित्य सोमानी से हुई। आदित्य ने दिव्यांश को शेयर मार्केट का काम सिखाने का भरोसा दिया, जिसके चलते दिव्यांश कई बार उसके घर सरवन भी गया।
फर्जी ऐप डाउनलोड करवाकर ऐठे पैसे
शिकायत के मुताबिक, आरोपी आदित्य सोमानी ने दिव्यांश के मोबाइल में 'मेटा ट्रेड ईआर-5' (Meta Trade ER-5) और 'ग्लोबल ट्रेड' नामक ऐप डाउनलोड करवाए। आरोपी ने भरोसा दिलाया कि यह पूरा काम पूरी तरह लीगल है। उसके कहे अनुसार दिव्यांश ने उसे समय-समय पर लाखों रुपए नकद दिए।
35 लाख हड़पे, अब मांग रहा 1 करोड़
पीड़ित का आरोप है कि कुछ समय बाद आदित्य सोमानी ने उससे कहा कि शेयर मार्केट में लगाया गया सारा पैसा डूब चुका है। इतना ही नहीं, आरोपी अब पीड़ित दिव्यांश से उल्टा 1 करोड़ रुपए की मांग कर रहा है और उसे झूठा कर्जदार बना रहा है। जब पीड़ित ने अपने लेनदेन का रिकॉर्ड और ऑन-रिकॉर्ड डेटा दिखाने को कहा, तो आरोपी ने साफ मना कर दिया।
पीड़ित दिव्यांश सोनी ने पुलिस को बताया कि आरोपी के साथ हुए पैसों के लेनदेन और बातचीत के तमाम रिकॉर्ड उसके मोबाइल के व्हाट्सएप चैट में तारीखवार सुरक्षित हैं, जिसे उसने पुलिस को सौंप दिया है।
पुलिस ने दर्ज किया केस
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरवन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी आदित्य सोमानी के विरुद्ध जुआ/गैंबलिंग और धोखाधड़ी की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले के तकनीकी पहलुओं और वित्तीय लेनदेन की बारीकी से जांच कर रही है।