रतलाम में ममता शर्मसार, 4 दिनों में मिलीं 3 नवजात मासूम; बिलपांक में मृत मिली बच्ची, शहर में सनसनी
रतलाम,04 जुलाई (इ खबर टुडे)। रतलाम जिले में नवजात बच्चों को लावारिस छोड़ने का एक बेहद खौफनाक और चिंताजनक सिलसिला सामने आया है। पिछले चार दिनों के भीतर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन नवजात बच्चियां मिल चुकी हैं, जिनमें से एक की मौत हो चुकी है। ताजा मामला शनिवार शाम का है, जब स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर खड़ी भिंड-रतलाम इंटरसिटी एक्सप्रेस के एक स्लीपर कोच में लावारिस हालत में एक नवजात बालिका मिली। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर ट्रेन में मौजूद यात्रियों को इसकी जानकारी हुई, जिसके बाद तुरंत रेलवे पुलिस को सूचित किया गया। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने नवजात को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे बाल चिकित्सालय के एसएनसीयू (SNCU) वार्ड में भर्ती कराया गया है। फिलहाल इस बच्ची की हालत सामान्य बताई जा रही है।
जीआरपी थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर सोहन पाटीदार ने बताया कि शनिवार शाम करीब 4:45 बजे सूचना मिली थी कि भिंड इंटरसिटी के एस-2 स्लीपर कोच में एक नवजात बच्ची पड़ी हुई है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो बच्ची बुरी तरह रो रही थी। तत्काल महिला कांस्टेबल की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया।
जांच में सामने आया है कि यह ट्रेन भिंड से चलकर सुबह करीब 10 बजे रतलाम पहुंचती है, जिसके बाद इसे यार्ड में खड़ा कर दिया जाता है। शाम 4 बजे ट्रेन को वापस प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर लाया जाता है, जहां से यह शाम 5:25 बजे भिंड के लिए रवाना होती है। पुलिस के अनुसार, स्लीपर कोच के गेट लॉक थे, इसलिए आशंका है कि कोई अज्ञात व्यक्ति दूसरे कोच के रास्ते एस-2 कोच के अंदर दाखिल हुआ और बच्ची को कपड़े में लपेटकर सीट पर छोड़कर फरार हो गया। जीआरपी पुलिस रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
चार दिन में तीन घटनाएं झकझोर देने वाली में पहली घटना
शनिवार शाम रतलाम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर भिंड इंटरसिटी एक्सप्रेस के एस-2 कोच में जीवित नवजात बालिका मिली। (जीआरपी थाना क्षेत्र)
दूसरी घटना
दो दिन पूर्व बिलपांक थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक ग्रामीण को लावारिस हालत में एक नवजात बच्ची मृत अवस्था में पड़ी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। (बिलपांक थाना क्षेत्र)
तीसरी घटना
चार दिन पूर्व दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मथुरी रोड स्थित रिंग रोड पर एक नाले के पाइप के अंदर एक और नवजात बच्ची लावारिस हालत में तड़पती हुई मिली थी। उसे समय रहते रेस्क्यू कर मेडिकल कॉलेज के एसएनसीयू में भर्ती कराया गया था, जहां उसका उपचार जारी है। (दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र)
प्रशासन और बाल कल्याण समिति की बढ़ी चिंता
मात्र चार दिनों के भीतर लगातार तीन नवजात बालिकाओं के इस तरह मिलने (जिसमें से एक की जान चली गई) से स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बाल कल्याण समितियों की चिंता बढ़ गई है। लोग इस अमानवीय कृत्य की कड़ी निंदा कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तीनों ही मामलों में अज्ञात माता-पिता या परिजनों के खिलाफ मामले दर्ज कर सघन जांच शुरू कर दी गई है। मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।