रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: उज्जैन बायपास से 3.60 क्विंटल अवैध डोडाचूरा बरामद, मंदसौर का तस्कर गिरफ्तार
रतलाम, 24 नवंबर (इ खबर टुडे)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने उज्जैन बायपास पर घेराबंदी कर एक इको कार से 3 क्विंटल 60 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 7 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है। मौके से मंदसौर जिले के एक युवा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी निरीक्षक सुमित मिश्रा के नेतृत्व में हुसैन टेकरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रघुवीर जोशी और उनकी टीम ने 23 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर उज्जैन बायपास स्थित हजरत निजामुद्दीन औलिया की दरगाह के सामने नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध सिल्वर रंग की मारुति सुजुकी इको कार (क्रमांक MP 04 CY 2693) को रोककर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तलाशी ली गई। तलाशी में कार के अंदर रखे 18 काले प्लास्टिक के कट्टों से कुल 3 क्विंटल 60 किलो अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ।
15.20 लाख का मश्रुका जब्त, तस्करी के नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस ने मौके से आरोपी जुझार पिता भेरुलाल खराडी (24), निवासी ग्राम पीपलखेड़ी (थाना भावगढ़, जिला मंदसौर) को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए डोडाचूरा की कीमत 7.20 लाख रुपये और तस्करी में प्रयुक्त इको कार की कीमत 8 लाख रुपये सहित कुल 15 लाख 20 हजार रुपये का मश्रुका जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह यह खेप कहां से लाया था और किसे सप्लाई करने जा रहा था।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुमित मिश्रा, चौकी प्रभारी उनि रघुवीर जोशी, सउनि छगनलाल हाड़ा, प्रधान आरक्षक विरेन्द्रसिंह, बद्रीलाल चौधरी, सोहन भवेल तथा आरक्षक योगेन्द्र, गोविन्द पंवार, चेतन राठौर, शादाब बेग और योगेश राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।