{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 
सेवावीर परिवार का 273 वाँ सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ श्री चारभुजानाथ मंदिर में भक्तिमय वातावरण में संपन्न

 

 

रतलाम,24 नवंबर(इ खबर टुडे)। सेवावीर परिवार द्वारा निरंतर आयोजित किए जा रहे सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ अभियान के अंतर्गत मंगलवार, 24 नवंबर को 273वाँ सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ धानमंडी स्थित श्री चारभुजानाथ जी के मंदिर पर प्रातः 8 बजे श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ।

इस अवसर पर प्रतिवर्षानुसार श्री हनुमान जी महाराज को 56 व्यंजनों का भव्य भोग अर्पित किया गया। इस बार यह आयोजन श्री चारभुजानाथ मंदिर में विशेष आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। आयोजन में श्री दिव्य गदा जी एवं श्री हनुमान जी महाराज का विधिवत अभिषेक कर 1008 नामों से अर्चन किया गया। इस विशेष अर्चन में 11 सेवावीरों ने सहभागिता की। सभी सेवावीर अपने साथ अलग-अलग प्रकार के सूखे मेवे लेकर आए और श्रद्धापूर्वक 1008 नामों के उच्चारण के साथ 1008 बार भगवान को मेवे अर्पित किए।

56 भोग का आयोजन केवल भगवान को विविध व्यंजनों का भोग लगाने की परंपरा नहीं, बल्कि सेवावीर परिवार के लिए समरसता, सामूहिकता और समर्पण का एक अत्यंत प्रिय पर्व है। इसमें प्रत्येक सेवावीर अपनी श्रद्धा, सामर्थ्य और भाव के अनुसार अलग-अलग व्यंजन बनाकर लाता है। कोई मिठाई लाता है, कोई नमकीन, कोई फल तो कोई अन्य पकवान। सभी के द्वारा लाए गए व्यंजन एक साथ मिलकर जब भगवान के चरणों में अर्पित होते हैं, तो वह केवल 56 भोग नहीं रह जाता, बल्कि समाज की एकता और समरसता का जीवंत स्वरूप बन जाता है।

इस आयोजन का सबसे सुंदर संदेश यही है कि भगवान के दरबार में कोई व्यंजन बड़ा या छोटा नहीं, कोई भाव ऊंचा या नीचा नहीं।

यदि हम स्वयं को गुलाब जामुन, काजू कतली या महंगे ड्रायफ्रूट के समान श्रेष्ठ समझेंगे और परमल, चना या चिरौंजी को छोटा मानेंगे, तो कभी एकरस और एकात्म समाज का निर्माण नहीं कर पाएंगे। समाज की वास्तविक सुंदरता तभी है, जब कोई स्वयं को श्रेष्ठ और किसी दूसरे को हीन न समझे। हर व्यक्ति अपने गुण, सामर्थ्य और श्रद्धा के अनुरूप योगदान दे और सभी मिलकर एक ही परमात्मा के चरणों में समर्पित हो जाएं।

जिस प्रकार अलग-अलग व्यंजनों के एक साथ आने से 56 भोग की पूर्णता होती है, उसी प्रकार अलग-अलग जाति, वर्ग, समाज और परिस्थितियों के लोगों के एक साथ आने से समाज की वास्तविक शक्ति प्रकट होती है। यहां महत्वपूर्ण यह नहीं कि कौन कितना मूल्यवान व्यंजन लेकर आया, बल्कि यह है कि कौन कितनी श्रद्धा और समर्पण का भाव लेकर आया।

समरसता का अर्थ ही है – न कोई बड़ा, न कोई छोटा; न कोई श्रेष्ठ, न कोई हीन। सभी का सम्मान, सभी का योगदान और सभी का एक ही ध्येय।

सेवावीर परिवार का यह आयोजन इसी भावना को आत्मसात करने का अवसर प्रदान करता है। सभी सेवावीर अपनी व्यक्तिगत पहचान और भेदभाव से ऊपर उठकर सामूहिकता के भाव से सनातन संस्कृति की सेवा और धर्म की ध्वजा को गौरवान्वित करने का संकल्प लेते हैं। भगवान के चरणों में समर्पण का यही भाव हमें एक-दूसरे के प्रति सम्मान, अपनत्व और आत्मीयता सिखाता है।

आयोजन में राठौड़ समाज के पदाधिकारियों, क्षेत्रीय रहवासियों एवं बड़ी संख्या में सेवावीरों की सहभागिता रही। सभी ने भक्ति, भजन और सामूहिक आराधना के इस अनूठे आयोजन का आनंद लिया। प्रति मंगलवार की परंपरानुसार आयोजन का समापन भजन, वंदेमातरम् एवं श्री हनुमान जी महाराज की आरती के साथ हुआ।

भक्ति के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश

सेवावीर परिवार द्वारा इस आयोजन में धार्मिक श्रद्धा के साथ सामाजिक संवेदनशीलता का भी विशेष ध्यान रखा गया। आयोजन मुख्य मार्ग पर होने के बावजूद पूरे मार्ग को बाधित नहीं किया गया तथा आवागमन के लिए आधा मार्ग खुला रखा गया, ताकि आम नागरिकों, विद्यार्थियों एवं मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस अवसर पर सेवावीर परिवार ने अन्य सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा समितियों से भी आग्रह किया कि आयोजन चाहे कितना ही बड़ा और भव्य क्यों न हो, लेकिन उसके कारण किसी मरीज के उपचार में देरी, किसी विद्यार्थी की परीक्षा में बाधा अथवा किसी आम नागरिक को परेशानी नहीं होनी चाहिए। कई बार मार्ग अवरुद्ध होने से किसी मरीज की जान पर बन सकती है या किसी विद्यार्थी का भविष्य प्रभावित हो सकता है। इसलिए धर्म और सेवा के आयोजनों में दूसरों के प्रति संवेदनशीलता भी उतनी ही आवश्यक है।

सच्ची भक्ति वही है, जिसमें भगवान के प्रति समर्पण के साथ-साथ उनकी बनाई हुई सृष्टि और उसमें रहने वाले प्रत्येक जीव के प्रति संवेदना भी हो।

सेवावीर परिवार का यह आयोजन इसी विचार को अभिव्यक्त करता है कि धर्म केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं, बल्कि अपने आचरण में समरसता, सेवा, अनुशासन और मानवता को उतारने का नाम है।