रतलाम पुलिस की कार्रवाई: 1.5 लाख रुपये की 15 ग्राम MD ड्रग्स के साथ 21 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
रतलाम,07अगस्त(इ खबर टुडे)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिपलोदा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बैलारा फंटा पर घेराबंदी कर 15 ग्राम एमडी (MD) ड्रग्स के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) जावरा श्री संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पिपलोदा थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश कोली के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि एक युवक भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स लेकर क्षेत्र में सप्लाई करने आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बैलारा फंटा के पास मुस्तैदी से घेराबंदी की। संदिग्ध युवक को रोककर एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत विधिवत तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 15 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
पकड़े गए आरोपी की पहचान सूरज पिता पारसलाल मालवीय (उम्र 21 वर्ष), निवासी ग्राम बैलारा, थाना पिपलौदा (जिला रतलाम) के रूप में हुई है। पुलिस ने नशीले पदार्थ को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से यह पता लगाने में जुटी है कि वह यह ड्रग्स कहां से लाया था और किसे डिलीवर करने जा रहा था।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी पिपलोदा निरीक्षक रमेश कोली, सुखेड़ा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजू मखोड, उप निरीक्षक कैलाश बौराना, प्रधान आरक्षक अभय चौहान, प्रधान आरक्षक अशोक पाण्डे, आरक्षक विजयपाल सिंह, आरक्षक रोहताश जाट, आरक्षक प्रेम मीणा एवं सैनिक कृष्णदास बैरागी की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।