{"vars":{"id": "115716:4925"}}

लग्जरी थार से 200 किलो अवैध डोडाचूरा जब्त, ₹25 लाख का मशरूका बरामद

​पुलिस चेकिंग देख वाहन छोड़ खेतों में भागा तस्कर, अंधेरे का फायदा उठाकर हुआ फरार
 

​पुलिस चेकिंग देख वाहन छोड़ खेतों में भागा तस्कर, अंधेरे का फायदा उठाकर हुआ फरार

​रतलाम, 09 जुलाई (इ खबर टुडे)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने महू-नीमच हाईवे पर घेराबंदी कर एक बिना नंबर की काले रंग की महिंद्रा थार से 200 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। जब्त किए गए डोडाचूरा और लग्जरी वाहन की कुल कीमत करीब 25 लाख रुपए आंकी गई है। हालांकि, तस्कर अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।

​जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, एएसपी विवेक कुमार लाल व सीएसपी जावरा युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश गाडरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम महू-नीमच हाईवे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर की काले रंग की थार आती दिखी।

​पुलिस ने जब उसे रोकने का प्रयास किया, तो चालक ने गाड़ी को सड़क से नीचे उतारकर रतलाम की ओर तेज रफ्तार में भगा दिया। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तत्काल थार का पीछा किया। खुद को घिरता देख तस्कर ने बरगढ़ फंटे से करीब 100 मीटर दूर सड़क किनारे गाड़ी खड़ी की और रात के अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की तरफ भाग निकला। पुलिस ने काफी तलाश की, लेकिन वह हाथ नहीं आया।

​सीट हटाकर रखे थे 10 बोरे
जब पुलिस टीम ने लावारिस खड़ी थार की तलाशी ली, तो दंग रह गई। तस्कर ने तस्करी के लिए थार की पीछे वाली सीट ही हटा दी थी। उसकी जगह काले रंग के 10 प्लास्टिक के बोरे रखे हुए थे। प्रत्येक बोरे की जांच करने पर उसमें 20-20 किलो अवैध डोडाचूरा भरा मिला, जिसका कुल वजन 200 किलोग्राम है।

नेटवर्क की तलाश शुरू
​औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 387/2026 के तहत धारा 8/15 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फरार चालक की शिनाख्त और गिरफ्तारी के प्रयासों में जुटी है। इसके साथ ही यह डोडाचूरा कहाँ से लाया जा रहा था और इसकी डिलीवरी कहाँ होनी थी, यानी इस पूरे ड्रग्स नेटवर्क को खंगालने में पुलिस जुट गई है।

​सराहनीय भूमिका
​इस बड़ी सफलता में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश गाडरिया, उपनिरीक्षक कन्हैया अवास्या, उपनिरीक्षक कुलदीप डाबी, प्रधान आरक्षक संजय सोनावा, आरक्षक कमलेश, गोविंद, रविन्द्र सिंह, योगेन्द्र, प्रीतम, पवन, शादाब और आरक्षक योगेश की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।