रतलाम / अज्ञात कारणों से 17 वर्षीय युवक ने लगाई फांसी, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत; पुलिस जांच में जुटी
रतलाम, 25 नवंबर (इ खबर टुडे)। दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र के गौशाला रोड स्थित भांभी मोहल्ले में बुधवार दोपहर एक 17 वर्षीय युवक ने अज्ञात कारणों के चलते घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन युवक को अचेत अवस्था में जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया है और मामले की जांच की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार दोपहर की है। भांभी मोहल्ला निवासी निलेश पिता दीपक मोठिया (17) ने अपने घर की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में साड़ी से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक निलेश के नीचे नहीं आने पर उसकी मां ऊपर कमरे में देखने गईं, जहां बेटे को फंदे पर लटका देख उनकी चीख निकल गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और युवक को नीचे उतारकर तत्काल जिला चिकित्सालय ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही दीनदयाल नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
परिजनों के मुताबिक, निलेश घर में सबसे छोटा था। उसका बड़ा भाई हिमांशु है। दोनों भाई अपने पिता दीपक के साथ ग्राम सागोद में किराना व्यवसाय का संचालन करते हैं, जबकि उसकी मां घर पर ही आटा चक्की (आटा पिसाई) का काम करती हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है।