{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम रेंज में 15 दिवसीय एनडीपीएस अभियान: 168 आरोपी गिरफ्तार, डेढ़ अरब से अधिक की संपत्ति जब्ती के प्रस्ताव

 

 ​​​​

​रतलाम, 12 नवंबर (इ खबर टुडे)। रतलाम रेंज में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए गए 15 दिवसीय विशेष एनडीपीएस एक्ट अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 168 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान अवैध नशे के कारोबारियों पर वित्तीय शिकंजा कसते हुए 1.52 अरब रुपये से अधिक की संपत्ति फ्रीज करने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है।  

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 अक्टूबर से 10 नवंबर 2026 तक पूरे अभियान के दौरान रतलाम रेंज में कुल 29 प्रकरण पंजीबद्ध कर 46 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसमें जिला रतलाम में 12 प्रकरणों में 18, मंदसौर में 11 प्रकरणों में 17 और नीमच में 6 प्रकरणों में 11 आरोपी पकड़े गए। अभियान के तहत एनडीपीएस एक्ट के फरार चल रहे 62 आरोपियों (रतलाम 17, मंदसौर 32, नीमच 13) को दबोचा गया।

इसके अलावा, 23 गैर जमानती वारंटियों (रतलाम 3, मंदसौर 8, नीमच 12) को भी गिरफ्तार किया गया। रेंज में कुल 33 इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिन पर कुल 1,49,500 रुपये का इनाम घोषित था। इसमें रतलाम के 14 (49 हजार रुपये के इनामी), मंदसौर के 13 (60,500 रुपये के इनामी) और नीमच के 6 (35 हजार रुपये के इनामी) आरोपी शामिल हैं।  

​वित्तीय अनुसंधान (सफेमा) और पिट एनडीपीएस के तहत कार्रवाई
​वाणिज्यिक मात्रा के प्रकरणों में वित्तीय अनुसंधान (सफेमा) के अंतर्गत तस्करों की अवैध संपत्तियों पर कड़ा प्रहार किया गया है। रतलाम रेंज में कुल 26 प्रकरणों में 1,52,20,11,318 रुपये (लगभग 1.52 अरब रुपये) मूल्य की संपत्ति फ्रीज करने के प्रस्ताव भेजे गए। इसमें रतलाम जिले की 38,76,10,000 रुपये मूल्य की संपत्ति, मंदसौर की 90,26,95,878 रुपये और नीमच की 23,17,05,440 रुपये मूल्य की संपत्ति शामिल है।  

​इसके साथ ही, पिट एनडीपीएस एक्ट 1988 के अंतर्गत रेंज में कुल 41 प्रकरण प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 4 के निरोधादेश प्राप्त किए गए हैं। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया है।