पड़ोसी ही निकला ठग: फर्जीवाड़े से ट्रांसफर किए थे 1.04 लाख रुपये, रतलाम पुलिस ने आरोपी को दबोचा, पूरी राशि बरामद
रतलाम, 08 अक्टूबर(इ खबर टुडे)। शहर के माणकचौक थाना क्षेत्र अंतर्गत धोखाधड़ी कर बैंक खाते से रुपये उड़ाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धोखाधड़ी की शत-प्रतिशत राशि (1 लाख 4 हजार रुपये) बरामद कर ली है। जांच में खुलासा हुआ कि पीड़ित के पड़ोसी ने ही धोखे से मोबाइल लेकर इस वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सात दिन पूर्व 30 सितंबर को सुतारों का वास निवासी पीर मोहम्मद पिता शमी उल्ला ताजक जी ने माणकचौक थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बैंक खाते से किसी अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी कर रुपये ट्रांसफर कर लिए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 318(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
पड़ोसी ने ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार व राकेश पंद्रो तथा नगर पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान सामने आया कि फरियादी का पड़ोसी श्यामलाल सालवी धोखे से फरियादी का मोबाइल फोन ले लेता था। आरोपी ने जालसाजी करते हुए फरियादी के खाते से 1 लाख 4 हजार रुपये अपने साथियों के खातों में ट्रांसफर कर दिए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आशीष पिता श्यामलाल सालवी (उम्र 28 साल, निवासी हरमाला रोड, रतलाम) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बरामद की शत-प्रतिशत राशि
माणकचौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए धोखाधड़ी की गई पूरी राशि 1 लाख 4 हजार रुपये जप्त कर ली है। जांच के दौरान जिन लोगों के खातों में राशि ट्रांसफर की गई थी, पुलिस ने उन्हें भी सह-आरोपी बनाया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी और मशरूका बरामदगी में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान, सहायक उपनिरीक्षक गोरचंद परमार, आरक्षक हेमंत यादव, जीवन, अविनाश राठौर तथा महिला आरक्षक प्रवीणा, वर्षा, भारती एवं मेघा की मुख्य भूमिका रही।