{"vars":{"id": "115716:4925"}}

एक बार फिर सु​र्खियों में लेडी सरपंच नैना झोरड़, अब सचिन पायलट को लेकर सामने आई

 

मई 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहरलाल के पैरों में दुपट्टा फेंकने को लेकर सु​खियों में आई सिरसा जिले के गांव बणी की लेडी सरपंच नैना झोरड़ एक बार फिर से सु​र्खियों में है। इस बार वह राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को लेकर सु​र्खियों में हैं। नैना झोरड़ ने एक वीडियो में कहा कि वह जब 14 साल की थी, तब से सचिन पायलट को पसंद करती है। हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि सचिन पायलट पर्सनलिटी के तौर पर अच्छे लगते हैं। वह कभी उनसे नहीं मिली, लेकिन एक दिन जरूर मिलेगी।


सोशल मीडिया पर आजकल एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें लेडी सरपंच नैना झोरड़ ने कहा कि वह कभी सचिन पायलट से नहीं मिली, लेकिन वह 14 साल की आयु से ही उन्हें पसंद करती है। वह सौम्य, सहज, सुंदर और शांत हैं। यदि कभी सचिव पायलट से मिलने का मौका मिला तो वह जरूर मिलेगी। यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है। कुछ लाेगों ने यहां तक कमेंट कर दिए हैं कि सचिन पायलट का तलाक हो चुका है, उनसे शादी कर लो। बाद में नैना झोरड़ ने सफाई दी कि सचिन पायलट पर्सनैलिटी के तौर पर अच्छे लगते हैं। लोग इसे गलत तरीके से ले रहे हैं। ऐसे तो लोग सलमान खान को भी पसंद करते हैं, क्या उनसे शादी कर लें। लोगों की सोच अच्छी होनी चाहिए। इसके अलावा इस वीडियो पर लोग अनेक प्रकार के अच्छे व बुरे कमेंट कर रहे हैं।


इनेलो महिला विंग की प्रधान है नैना
सरपंच नैना झोरड़ इस समय इंडियन नेशनल लोकदल की सिरसा की महिला विंग की प्रधान है। वह काफी समय से इस पार्टी से जुड़ी हुई है। नैना उस समय सु​र्खियों में आई थी जब मई 2023 में एक जनसभा के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर के पैरों में अपना दुपट्टा फेंक दिया था। उनका यह वीडियो भी खूब वायरल हुआ था।


मुख्यमंत्री नायब सैनी को बताया अच्छा
नैना झोरड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी अच्छे नेता हैं, अच्छा काम कर रहे हैं। उसने कहा कि वह किसी पार्टी के ​खिलाफ नहीं हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहरलाल का व्यवहार ठीक नहीं लगा। इनेलो का व्यवहार अच्छा लगा तो उनको समर्थन दे दिया। नैना झोरड़ ने कहा कि उसे घूमने का शौक है। एक बार वह पाकिस्तान जाना चाहती है। पाकिस्तान की जनता भी हमारे जैसी ही है। पाकिस्तान को वह दुश्मन नहीं मानती। वहां की जनता बेरोजगारी और महंगाई से जूझ रही है।


कौन हैं सचिव पायलट
सचिन पायलट राजस्थान में बड़े कांग्रेसी नेता हैं। वह इस समय टोंक विधानसभा से कांग्रेस विधायक हैं। वह राजस्थान के उपमुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। उनकी शादी जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर उब्दुल्ला की बहन सारा से 2004 में हुई थी। सचिन जब अमेरिका में पढ़ाई कर रहे थे, उसी समय उनकी सारा से मुलाकात हुई थी। बाद में उन्होंने शादी कर ली। फिलहाल उनका तलाक हो चुका है।