नवें पोषण माह के अंतर्गत गलियाकोट में खंड स्तरीय पोषण मेले का आयोजन
डूंगरपुर, 24 सितम्बर (इ खबर टुडे)। महिला एवं बाल विकास विभाग एवं सेंटर फॉर माइक्रोफाइनेंस (टाटा ट्रस्ट्स की सहयोगी संस्था) के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को गलियाकोट ब्लॉक मुख्यालय पर नवें पोषण माह के अंतर्गत खंड स्तरीय पोषण मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाल विकास परियोजना अधिकारी सुश्री स्वाति पटेल ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी Dr. मनोज पाटीदार तथा अति विशिष्ट राजीविका परियोजना प्रबन्धक रमेश जी नायक रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. मनोज पाटीदार CBEO द्वारा फीता काटकर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत, दीप प्रज्वलन एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, जिससे पूरे आयोजन में उत्साह एवं गरिमामयी वातावरण बना।
पोषण मेले में विभिन्न पोषण प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए गए, जिनका अतिथियों ने अवलोकन किया। प्रदर्शनी में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्यान्न, फल, सब्जियों एवं पारंपरिक व्यंजनों को प्रदर्शित किया गया। अतिथियों ने स्थानीय खाद्य पदार्थों के उपयोग एवं पोषण जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
मुख्य अतिथि डॉ.मनोज पाटीदार जी CBEO गलियाकोट ने अपने संबोधन में कहा कि पोषण संबंधी जागरूकता को प्रत्येक परिवार तक पहुँचाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सही पोषण, संतुलित आहार एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अत्यंत आवश्यकता है।
बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं सुश्री स्वाति पटेल जी ने अपने उद्बोधन में पोषण माह के दौरान आयोजित गतिविधियों एवं जनजागरूकता अभियानों की जानकारी दी। साथ ही, उन्होंने स्थानीय पारंपरिक खाद्य वस्तुओं के उपयोग के माध्यम से कुपोषण एवं एनीमिया की रोकथाम के लिए किए जा रहे पोषण नवाचारों के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम के दौरान राजीविका के खंड परियोजना अधिकारी श्री रमेश जी नायक द्वारा राजीविका की गतिविधियों एवं उद्देश्यों की जानकारी दी। साथ ही, पोषण सखी की भूमिका एवं उनके द्वारा किए जा रहे पोषण संबंधी कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, छोटे बच्चों का अन्नप्राशन एवं प्रवेशोत्सव जैसी पारंपरिक रस्मों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से मातृ एवं शिशु पोषण, प्रारंभिक बाल विकास तथा आंगनवाड़ी सेवाओं के महत्व का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में गलियाकोट परियोजना की महिला पर्यवेक्षक कमला मीणा, ऊषा ठाकुर, ज्योत्सना डामोर, निधि दवे, गीता जोशी, वीणा जोशी, गायत्री परमार सेंटर फॉर माइक्रोफाइनेंस से जिला परियोजना अधिकारी मोहित जोशी, दिनेश नागरवाल, विजय पाटीदार,रोहित शर्मा तथा ECCE टीम से विनोद यादव और टीम सहित अन्य अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएं, समुदाय से महिलाएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं सभी प्रतिभागियों का आभार महिला पर्यवेक्षक श्रीमति ऊषा ठाकर द्वारा व्यक्त किया गया। पोषण मेले के माध्यम से स्थानीय खाद्य पदार्थों, संतुलित आहार, मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं सामुदायिक सहभागिता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।