Neemuch News: नीमच शहर में सीसी फोरलेन निर्माण में सुरक्षा के नाम पर खानापूर्ति, संकेतक नहीं होने से रोज फंस रहे चार पहिया वाहन
Neemuch News: नीमच शहर में टू-लेन की जगह सीसी फोरलेन बनाया जा रहा है। निर्माण कार्य में ठेकेदार और एमपीआरडीसी के अफसर लापरवाही बरत रहे हैं। ग्वालटोली क्षेत्र में विराट विजय बालाजी मंदिर के सामने सड़क पर गहरा गड्डा हो गया। इसमें सोमवार की रात 2 से 3 वाहन फंस गए। उन्हें लोगों ने बाहर निकाला। जनहानि नहीं हुई लेकिन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
डूंगलावदा-जावद फंटा से कनावटी, शहरी क्षेत्र और जमुनियाकला होते हुए भाटखेड़ा फंटा तक सीसी फोरलेन बनाया जा रहा है। डूंगलावदा से कनावटी के बीच अधूरा काम छोड़कर कलेक्ट्रेट चौराहा से ग्वालटोली चौराहा तक निर्माण किया जा रहा है। इस दौरान सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए। इससे हादसा की आशंका बनी रहती है।
डूंगलावदा से नई पुलिस लाइन तक काम के दौरान संकेतक बोर्ड और उपकरण लगाने की औपचारिकता निभाई गई थी। दैनिक भास्कर द्वारा मुद्दा उठाने के बाद बारिश से पहले संकेतक लगाए गए। बारिश खत्म होते ही काम फिर शुरू हुआ लेकिन अब फिर से संकेतक नहीं लगाए जा रहे हैं।
कलेक्ट्रेट चौराहा से ग्वालटोली चौराहा पंप तक करीब सवा किलोमीटर लंबे मार्ग के दोनों तरफ स्कीम नंबर-36 व 34, संजीवनी कॉलोनी, विकास नगर, जवाहर नगर और ग्वालटोली बस्ती जैसे रहवासी क्षेत्र हैं। बावजूद निर्माण के दौरान न तो संकेतक बोर्ड लगाए गए और न ही कोई बैनर। जहां सड़क खोदी गई है, वहां किनारों पर मिट्टी से भरी बोरियां रखकर उन पर रिफ्लेक्टर लगाए गए हैं। इस कारण पिछले एक सप्ताह से रोज कोई न कोई वाहन सड़क किनारे गड्ढे में उतर रहा है। इस संबंध में जब एमपीआरडीसी के सहायक महाप्रबंधक राहुल बरड़े को मोबाइल नंबर 9630779776 पर कॉल किया तो उन्होंने रिसीव नहीं किया।
बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, 2 दिन में स्थिति ज्यादा बिगड़ी
ग्वालटोली क्षेत्र में बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यहां 2 दिन में स्थिति ज्यादा बिगड़ गई है। क्षेत्र में निर्माण के लिए कई स्थानों पर सड़क खोदी गई थी। इससे जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। इससे 2 व 4 पहिया वाहन चालकों को दिक्कतें आ रही हैं। सामने से आने वाले वाहनों के पहिये कीचड़ से बचने के चक्कर में गड्डों में उतर जाते हैं। जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है।
मेरे सामने गड्ढे में उतर गए वाहन
समाजसेवी संदीप वधवा ने बताया कि सोमवार की रात 2 व 4 पहिया वाहन मेरे सामने सड़क से नीचे गड्ढे में उतर गए। यहां बालाजी मंदिर के सामने गोलाई में सड़क खोदी गई है। जिससे बड़ा गड्डा हो गया है। इसमें ज्यादा वाहन उतर रहे हैं। यहां संकेतक भी नहीं लगाए गए। (Neemuch news)