Neemuch News: सीसीटीवी की मदद से ही 55% मामले हो पाए ट्रेस
Neemuch News: शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में चौराहे-चौराहे पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से पुलिस अपराधियों तक पहुंच रही हैं। बाइक चोरी, लूट, हत्या का प्रयास, नकबजनी सहित कई मामलों में पुलिस को सीसीटीवी से मदद मिली है। इसके चलते 2024 में पुलिस ने 55 फीसदी वाहन चोरी के खुलासे किए। जबकि हर साल यह आंकड़ा 25 फीसदी ही रहता है।
एसपी अंकित जायसवाल ने एक साल पहले अपराधों पर लगाम लगाने के लिए ऑपरेशन आई शुरू किया था। इसमें सभी थाना प्रभारियों को जन सहयोग से थाना क्षेत्र में प्रमुख मागों व चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने का कार्य सौंपा था। इसके बाद ग्रामीण क्षेत्रों में भी अभियान शुरू किया। इसके चलते जिले में अब तक 1563 सीसीटीवी कैमरे लगवाए जा चुके हैं। इसमें 156 पंचायतें शामिल हैं। सीसीटीवी की मदद से पुलिस को अपराधों की रोकथाम और आरोपियों की धरपकड़ में मदद मिल रही है।
वर्तमान में सीसीटीवी का लाइव पुलिसकर्मी थाने पर लगी स्क्रीन पर देख रहे हैं। जल्द ही जिले के सभी कैमरों का कंट्रोल पुलिस कंट्रोल रूम को दे दिया जाएगा। पुलिस इस साल भी अभियान जारी रखेगी ताकि अधिक से अधिक क्षेत्र सीसीटीवी में कवर हो सके।
156 पंचायतों में लगाए सीसीटीवी
पुलिस प्रशासन ने थाना क्षेत्र के साथ ग्राम पंचायतों में भी सीसीटीवी कैमरे लगवाने का कार्य किया। जनसहयोग से 156 पंचायतों में 806 सीसीटीवी लगवा चुके हैं।
अधिक से अधिक क्षेत्रों को सीसीटीवी से कवर करने का अभियान जारी
1. संदिग्ध लोगों से की पूछताछ
कैंट थाना क्षेत्र में मूलचंद मार्ग स्थित 5 खोली में 31 मई की रात 2 भाइयों ने हथोड़ी से एक ही परिवार के 4 लोगों के सिर फोड़ दिए थे। इस मामले में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान करने में मदद मिली थी। पुलिस ने संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर मामले का खुलासा किया था।
वाहन चोर गिरोह से 8 वाहन जब्त किए
मनासा पुलिस ने बीते शुक्रवार को अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का खुलासा कर मप्र के अन्य जिलों व राजस्थान से चोरी किए 8 वाहन जब्त किए थे। इसमें भी मनासा पुलिस ने सीसीटीवी के माध्यम से चोरों को पकड़ा।
फुटेज में दिखी बाइक के नंबर ट्रेस कर पकड़ा
जावद थाना क्षेत्र में नवंबर 2024 में साढ़े 3 लाख रुपए की लूट हो गई थी। इसमें दंपती एसबीआई से पैसे निकालकर जा रहे थे। इस दौरान बाइक सवार बदमाश थैला छीनकर भाग गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में दिखी बाइक के नंबर ट्रेस किए और आरोपियों को पकड़ा।
फुटेज देखकर आरोपियों को पकड़ रहे
ऑपरेशन आई से अपराधियों को पकड़ने में मदद मिल रही है। अभियान निरंतर जारी रहेगा। कुछ दिन पहले मंडी व्यापारियों ने 20 कैमरे दिए थे। इनसे अपराधों पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।
- अंकित जायसवाल, एसपी, नीमच।