{"vars":{"id": "115716:4925"}}

Mandsaur News: कृषि मंडी में पानी और साफ-सफाई नहीं

 

Mandsaur News: सीतामऊ कृषि उपज मंडी की अव्यवस्थाएं से किसान व व्यापारी परेशान हैं। शिकायत के बाद मंगलवार को जिला पंचायत अध्यक्ष ने मंडी का निरीक्षण किया। पानी-सफाई जैसी मुलभूत सुविधाएं नहीं होने पर मंडी के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। अध्यक्ष ने किसानों की परेशानी को लेकर भी नाराजगी जाहिर की।

जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा पाटीदार मंगलवार को दोपहर 3 बजे सीतामऊ कृषि उपज मंडी पहुंची। यहां अव्यवस्था देख जिम्मेदारों को फटकार लगाते हुए विभिन्न विषयों पर चर्चा की। प्याऊ, मंदिर, कृषक विश्राम गृह और शेड को व्यापारियों द्वारा गोदाम और ऑफिस बनाए जाने पर भी नाराजगी जताई।

उन्होंने कहा कि व्यापारियों को जल्द नए प्लॉट आवंटित किए जाएंगे। सुविधाघरों में पानी नहीं मिलने पर भी नाराजगी जताई। महीनों से बंद पड़े वाटर कूलर और खराब पानी की नांदे देख मंडी सचिव और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मंडी किसानों के लिए है, उन्हें सभी सुविधाएं मिलनी चाहिए।

7 दिन के भीतर पूरी व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए

जिला पंचायत अध्यक्ष पाटीदार ने बताया कि मंडी सचिव को 7 दिन में व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए हैं। व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए जल्द प्लॉट आवंटन की योजना पर काम शुरू करने का कहा है। किसानों ने भी अपनी समस्याएं बताईं। इन समस्याओं को जल्द दूर करेंगे।

धीरे-धीरे सभी व्यवस्थाएं सुधारी जाएंगी

बता दें कि मंडी में लंबे समय से व्यवस्थाएं बिगड़ी हुई थी। हाल ही में लगातार टूटने वाली दीवार पर लोहे का गेट लगाया गया। वर्षों से बंद पड़े सुविधाघरों के ताले खोले गए। मंदिर के गर्भगृह से व्यापारियों का सामान हटवाया गया। कृषक विश्राम गृह से व्यापारियों के ऑफिस खाली करवाए गए। मंडी सचिव विजय कुमार जैन ने कहा कि उन्हें यहां आए कुछ ही समय हुआ है। धीरे-धीरे सभी व्यवस्थाएं सुधारी जाएंगी। लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।