{"vars":{"id": "115716:4925"}}

Mandsaur News: 18 साल से योग सिखा रही संस्था

 

Mandsaur News: शहर का दशपुर योग शिक्षा संस्थान लोगों को एक सही और सेहतमंद जीवन जीने के लिए प्रेरित कर रहा है। बीते 18 सालों में संस्था से 10 हजार से ज्यादा लोग प्रत्यक्ष रूप से जुड़कर साधक बने हैं। इनमें से अधिकांश अपने-अपने घरों पर नियमित योग करने लगे तो कुछ योग शिक्षक बनकर लोगों को निःशुल्क प्रशिक्षित भी कर रहे हैं।

संस्थान न सिर्फ योग बल्कि सामाजिक सेवा के कार्यों में भी सक्रिय है। कोरोनाकाल में इम्युनिटी बढ़ाने के लिए संस्था ने हजारों लीटर काढ़ा वितरित किया। संस्था ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से भी लोगों को सिखाती है। संस्थान के उपाध्यक्ष जितेश फरक्या बताते हैं कि संस्थापक योग गुरु सुरेंद्र जैन ने 2007 में रोटरी क्लब के सहयोग से मंदसौर में पहला योग शिविर लगाया था। इसके बाद शहर के कई हिस्सों में योग शिविर आयोजित हुए।

3 सितंबर 2008 को दशपुर योग शिक्षा संस्थान की स्थापना हुई। शुरुआत में संजय गांधी उद्यान में शिविर लगे। बारिश और छांव की परेशानी के चलते दशपुर कुंज में बच्चों की रेल ट्रैक के पास तत्कालीन नपाध्यक्ष प्रहलाद बंधवार की परिषद ने योग कक्षा के लिए शेड बनवाया। यहां रोज सुबह दो पालियों में कक्षाएं लगने लगीं।

संस्था के सचिव लोकेंद्र जैन ने बताया कि जब साधकों की संख्या बढ़ने पर शेड छोटा पड़ गया। तब तत्कालीन विधायक यशपालसिंह सिसौदिया से नूतन स्टेडियम में योग भवन की मांग की। स्टेडियम कमेटी के अध्यक्ष और तत्कालीन कलेक्टर स्वतंत्र कुमार सिंह ने स्केटिंग ग्राउंड के पास योग भवन बनवाया।

मोटापा, अनिद्रा, तनाव मुक्त व परामर्श शिविर भी लगाती है संस्था

संस्था की योग क्रियाओं से कई साधकों के असाध्य रोग ठीक हुए हैं। संस्था योग केंद्रों से बाहर निकलकर तेलिया तालाब परिसर, कॉलेज ग्राउंड, मंदिरों और स्कूलों में भी कक्षाएं लगा रही हैं। संस्था सालभर हास्य योग, जलनेती क्रिया, हृदय रोग, मधुमेह, अस्थमा, थायराइड, दमा, मोटापा, अनिद्रा, तनाव मुक्त, जलनेति-रबर नेति और संतुलित आहार परामर्श जैसे विशेष शिविर भी लगाती है। कोरोना काल में काढ़ा वितरित किया गया।

करीब एक साल तक जूम पर ऑनलाइन कक्षाएं चलीं। इनमें देश-विदेश से साधक जुड़े और योग सीखा। पदाधिकारी ने बताया कि संस्था रजिस्टर्ड है। नीति आयोग से भी पंजीकृत है। सभी शिविर निःशुल्क होते हैं। साधक जन्मदिन, वर्षगांठ जैसे अवसरों पर संस्था को राशि भेंट करते हैं। इसी से संस्था सालभर अपने कार्य संचालित करती है।


सुबह दो पालियों में कक्षाएं, दिन में महिलाओं के लिए अलग

फरक्या बताते हैं कि योग भवन में 2019 से सुबह 6 से 7 और 7 से 8 बजे तक निःशुल्क योग कक्षाएं चल रही हैं। दोपहर 4 से 5 बजे महिलाओं के लिए अलग कक्षा होती है। गणेश वाटिका और मेघदूत नगर में भी सुबह योग कक्षाएं चल रही हैं। संस्थान योग प्रशिक्षक भी तैयार कर रहा है। ये प्रशिक्षक निःशुल्क सेवा दे रहे हैं।

ओम गर्ग, बीना गर्ग, प्रीति जैन, जिनेंद्र उकावत, लोकेंद्र जैन, विजयालक्ष्मी रघुवंशी, धर्मदास संगतानी सहित कई शिक्षक योग सिखा रहे हैं। फरक्या ने बताया कि वैसे तो साधक आते-जाते रहते हैं लेकिन सालभर में 500 से ज्यादा नए लोग योग को अपनाने यहां आते हैं। आज 10 हजार से ज्यादा लोगों ने योग को अपनाया है।