{"vars":{"id": "115716:4925"}}

Mandsaur News: धर्मगुरुओं ने की भारत माता की आरती,नागरिकों ने थामा 160 मीटर लंबा तिरंगा

 

Mandsaur News: ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना के जिस शौर्य को पूरी दुनिया ने देखा। उसे मंदसौर ने भी तिरंगा यात्रा निकाल के गाया। नागरिक सुरक्षा मंच के बैनर तले शहर के नागरिकों, समाजसेवियों व वरिष्ठजनों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर यात्रा निकाली। 160 मीटर लंबा तिरंगा भी अपने साथ ले रखा था। यात्रा में देशभक्ति गीतों पर झूमते हुए शहर के नागरिक चले।

राष्ट्रीय नागरिक सुरक्षा मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि सभी धर्मों के धर्मगुरु, सैनिक परिवार, व्यापारी, युवा, महिलाएं, खिलाड़ी और समाजसेवी संस्थाओं सदस्य यात्रा में शामिल हुए। रैली की शुरुआत महाराणा प्रताप बस स्टैंड से हुई। मंच पर सभी धर्मों के धर्मगुरुओं का सम्मान किया गया। सेना में सेवा दे रहे जवानों की पत्नियों को सिंदूर भेंट किया। महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।

तिरंगे रंग के गुब्बारे आसमान में छोड़े गए। इसके बाद रैली रवाना हुई। रैली बीपीएल चौराहा, गांधी चौराह्य, बस स्टैंड होते हुए भारत माता चौराहा पहुंची। यहां भारत माता की प्रतिमा के सामने सभी धर्मगुरुओं, राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों,व्यापारियों व महिलाओं ने भारत माता की आरती की।मंच ने कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों को खत्म किया।

सेना के शौर्य और साहस पर देश को गर्व है। ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया को भारत की ताकत दिखाई। मंच ने कहा कि तिरंगा हमारी आन-बान-शान है। इसकी मर्यादा का पूरा देश ध्यान रखता है। तिरंगा यात्राओं से दुनिया को संदेश जा रहा है कि भारत एकजुट है। समय आने पर हर भारतीय देश के लिए बलिदान देने को तैयार है।