{"vars":{"id": "115716:4925"}}

Mandsaur News: मंदसौर जिले में पासवर्ड चुराकर सोसायटी से निकाले 17 लाख, पूर्व प्रबंधक और कलेक्शन एजेंटों पर केस दर्ज

 मंदसौर जिले में पासवर्ड चुराकर सोसायटी से निकाले 17 लाख, पूर्व प्रबंधक और कलेक्शन एजेंटों पर केस दर्ज
 

Mandsaur News: मंदसौर जिले में ऑनलाइन चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। जिले की सत्य पुष्प साख सहकारी संस्था में 17 लाख रुपए की ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने पूर्व मैनेजर व कलेक्शन एजेंट समेत तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

संस्था के उपाध्यक्ष महेंद्रसिंह चौहान ने पिपलिया थाने में शिकायत दर्ज करवाई। इसमें पुलिस को बताया कि संस्था का गठन 8 अप्रैल 2022 को हुआ था। शुरुआत में रितिक सोनी शाखा प्रबंधक थे। अगस्त 2022 से हर्षित देवड़ा यह जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। रितिक के कार्यकाल में राजेंद्र सिंह और जीवन बंजारा एजेंट के रूप में काम करते थे। ये दोनों एजेंट ग्राहकों से लोन की किस्तें घर जाकर वसूलते थे। तीनों ने मिलकर लोन की राशि संस्था
के खाते में जमा नहीं की। इसके बजाय राशि खुद रख ली और संस्था के सॉफ्टवेयर एसएनएस के जरिए संस्था के ही खाते से लोन की रकम जमा दिखा दी। 

मार्च 2023 में संस्था की ऑडिट कराई गई, तब यह गड़बड़ी सामने आई। जांच में पता चला कि एजेंट राजेंद्र सिंह ने करीब 25-30 परिचितों के बचत खाते खुलवाए। पात्रता अनुसार उन्हें लोन भी दिलवाया। लोन की किस्तें वह खुद वसूलता था। शुरुआत में वह राशि संस्था में जमा करता रहा लेकिन बाद में जमा करना बंद कर दिया। उसने संस्था के अन्य खातों के पासवर्ड चुराकर मुख्य खाते से ही लोन की राशि जमा कर दी। 

इस तरह करीब 4.58 लाख रुपए का गबन किया। राजेंद्र सिंह ने गबन की बात स्वीकार की और संस्था को राशि लौटाने का शपथ पत्र भी दिया। उसने
संस्था से तीन लाख रुपए का लोन भी लिया जो अब तक नहीं चुकाया। एजेंट जीवन बंजारा ने करीब 4 लाख रुपए का गबन किया। पूर्व शाखा प्रबंधक रितिक सोनी ने 7.29 लाख रुपए का गबन किया था, जिसे बाद में लौटा दिया। 

सीए की रिपोर्ट के अनुसार जुलाई-अगस्त 2022 में संस्था की आईडी से करीब 17 लाख रुपए का गबन हुआ। चौकी प्रभारी रितेश नागर ने बताया कि शिकायत के बाद जांच कर संस्था के पूर्व प्रबंधक रितिक सोनी पिता दीपक सोनी निवासी ईमली बाजार इंदौर, कलेक्शन एजेंट राजेंद्र सिंह पिता भंवरसिह देवड़ा निवासी चिताखेड़ी व पंकज उर्फ जीवन पिता राजेंद्र बंजारा निवासी राधाकृष्ण पंथ गली खानपुरा मंदसौर के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। सभी आरोपी फरार हैं।