{"vars":{"id": "115716:4925"}}

फरीदाबाद में डॉक्टर के घर जम्मू कश्मीर पुलिस का छापा, भारी मात्रा में अमोनियम नाइट्रेट, AK-47 और 2 ऑटोमैटिक पिस्टल बरामद 

 
 

फरीदाबाद,10 नवम्बर (इ खबर टुडे)। हरियाणा के फरीदाबाद में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। फरीदाबाद के धौज में डॉक्टर के घर से भारी मात्रा में अमोनियम नाइट्रेट बरामद हुआ है। कमरे से 14 बैग, 2 ऑटोमैटिक पिस्टल, 84 कारतूस, पांच लीटर केमिकल और एके-47 बरामद की गई है। 

धौज इलाके में हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी मुजाहिल शकील की निशानदेही पर यह कार्रवाई की गई है। एक गाड़ी से जम्मू-कश्मीर पुलिस की 5 लोगों की टीम आई थी। करीब 7-8 घंटे पूछताछ और सर्च अभियान चला।

फरीदाबाद पुलिस कमिश्नर सतेंद्र गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी के घर से अमोनियम नाइट्रेट मिला है। मौके से असॉल्ट राइफल, तीन मैगजीन, एक पिस्टल भी बरामत हुई है। अभी ऑपरेशन जारी है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ये एक बड़ा मॉड्यूल है। आरडीएक्स नहीं मिला। छापामारी के दौरान करीब 360 किलो अमोनियम नाइट्रेट मिला है। आरोपी डॉक्टर यूनिवर्सिटी में पढ़ाता था।

आरोपी को जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम ने दो दिन पहले गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बाद आरोपी डॉक्टर की निशानदेही पर उसके आवास पर छापा मारा, जहां से टीम को 14 बैग, दो ऑटोमैटिक पिस्टल, 84 कारतूस, पांच लीटर केमिकल और एक एके-47 राइफल बरामद हुई है।

यूपी के सहारनपुर से जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से संबंधों के चलते अनंतनाग के रहने वाले एक डॉक्टर आदिल अहमद को गिरफ्तार किया था। इसी कड़ी में कश्मीर पुलिस ने फरीदाबाद में किराए पर रह रहे डॉक्टर के कमरे में छापा मारा। बताया जा रहा है कि कश्मीरी डॉक्टर मुजाहिल शकील ने फरीदाबाद में किराए पर कमरा लिया था। आरोपी डॉक्टर यहां रहता नहीं था। उसने केवल सामान रखने के लिए कमरा लिया था।

पुलिस ने कमरे से 14 बैग बरामद किए हैं, जिनमें 300 किलो आरडीएक्स, एके 47 राइफल, 84 कारतूस और केमिकल रखा हुआ था। बताया जा रहा है कि डॉक्टर शकील ने 3 महीने पहले ही किराये पर कमरा लिया था। रेड के दौरान 10 से 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

आरोपी डॉक्टर को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इस मामले में चार राज्यों जम्मू कश्मीर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और गुजरात से पूरे मामले का कनेक्शन खंगाला जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, डॉक्टर ने कमरा किराये पर लेते हुए मकान मालिक को कहा था कि उसे यहां सिर्फ सामान रखना है। उसके बाद कई बैग यहां रखे गए। बैग में क्या है, इसकी जानकारी किसी को नहीं थी।