Burhanpur News: शरीर को मजबूत बनाने और मन को शांत रखने में योग उपयोगी
Burhanpur News: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शनिवार को संत निरंकारी मिशन ने देशभर में एक साथ योग कार्यक्रम किया। भारत के 1000 से अधिक स्थानों पर यह आयोजन हुआ। मिशन की शाखाओं में खुले मैदानों और पार्क में योग सत्र हुए। स्थानीय योग प्रशिक्षकों ने मार्गदर्शन किया। शहर में संत निरंकारी चेरिटेबल फाउंडेशन की शाखा ने मरीचिका उद्यान में योग सत्र किया। योग प्रशिक्षिका प्रीति जगनानी ने अभ्यास करवाया। नगर निगम बुरहानपुर ने भी आयोजन में भागीदारी की। श्रद्धालुओं, सेवादल स्वयंसेवकों और आमजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।
यह पहल सत्गुरु माता सुदीक्षाजी महाराज के आशीर्वाद से चल रही है। उनका संदेश है स्वस्थ मन, सहज जीवन। उनका मानना है कि शरीर ईश्वर की अनुपम देन है। इसे स्वस्थ और सशक्त रखकर ही इंसान अपने आध्यात्मिक और सामाजिक कर्तव्य निभा सकता है। योग भारत की प्राचीन विद्या है। यह शरीर को मजबूत बनाता है। मन को शांत करता है। आत्मा को जागृत करता है। नियमित अभ्यास से तनाव, असंतुलन और रोगों से बचाव होता है। व्यक्ति आत्मिक शांति और सामाजिक सौहार्द्र की ओर बढ़ता है।
विद्यार्थियों ने किया योगाभ्यास
ग्राम जैनाबाद की प्राइमरी स्कूल में शनिवार को सुबह 6 बजे से योग अभ्यास हुआ। कार्यक्रम मेरा युवा भारत और युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से हुआ। इसमें 82 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। जिला युवा अधिकारी पंकज गोस्वामी ने बताया प्रधानमंत्री ने फिट इंडिया, हिट इंडिया का नारा दिया है।
इसी के तहत युवाओं को रोज घर पर परिवार के साथ योग करने की सलाह दी गई। ग्रामीण क्षेत्रों में सेना और पुलिस में भर्ती के लिए युवाओं में फिटनेस, दौड़ और योग का रुझान बढ़ा है। कार्यक्रम में युवाओं और छात्राओं ने प्रधानमंत्री का टीवी पर सीधा प्रसारण देखा। इस दौरान स्कूल प्रभारी आनंद पंसारी, शिक्षक मोनिका डिगंबर, कोमल कुशवाह, जितेंद्र कुशवाहा, फ्रेंड्स स्पोर्ट्स क्लब के सदस्य और एजाज अंसारी मौजूद थे।
भारतीय ज्ञान की पहचान है योगः सांकले
लीनेस क्लब उड़ान ने आकृति योगा क्लासेस में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया। यह 11वां योग दिवस था। इस बार की थीम स्वयं और समाज के लिए योग था। इसका उद्देश्य व्यक्ति के तन और मन के साथ समाज में संतुलन और सहयोग की भावना को बढ़ाना है। क्लब अध्यक्ष प्रेमलता सांकले ने कहा- योग भारत की सांस्कृतिक धरोहर है। यह भारतीय ज्ञान की पहचान है।
आज पूरी दुनिया इसे अपना रही है। योग से डायबिटीज, बीपी, थायराइड और कैंसर जैसी बीमारियां भी ठीक हो सकती हैं। क्लब की फाउंडर रफत आसिफ खान ने कहा- योग से मन एकाग्र होता है। कार्य करने की क्षमता बढ़ती है। यह शारीरिक और मानसिक विकास के लिए जरूरी है। योग स्पेशलिस्ट प्रणोती सोनी ने बताया योग तन और मन को शुद्ध करता है।
विचारों में शुद्धता लाता है। शरीर को सही ढंग से चलाने में मदद करता है। इस दौरान मीना चौहान, रजनी गट्टानी, मनोरमा शर्मा, मंगला दुबे, संगीता चौधरी, आशिया मंसूरी, बिंद्रा कौर, ज्योति माली, अंजू कटकवार, मंदा मोरे, कुसुमलता तिवारी सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।