टोल प्लाजा की जिम्मेदारी निभा रहीं महिलाएं, तीन शिफ्ट में हो रही ड्यूटी
Chhatarpur News: लवकुशनगर मार्ग पर स्थित संजय नगर टोल प्लाजा का संचालन अब महिलाएं कर रही हैं। आजीविका मिशन के अंतर्गत स्थानीय स्व-सहायता समूह को दो वर्ष पहले यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। गढ़ीमलहरा से लवकुशनगर मार्ग पर गुजरने वाले व्यावसायिक वाहनों से शुल्क वसूली का काम महिलाएं पूरी जिम्मेदारी से निभा रही हैं।
प्रगति सीएलएफ स्व-सहायता समूह की 15 महिलाएं इस काम में शामिल हैं। वे तीन शिफ्टों में आठ-आठ घंटे की ड्यूटी करती हैं। एक शिफ्ट में 5 से 6 महिलाएं रहती हैं और एक पुरुष कर्मचारी भी सहयोग करता है। महिलाओं को फास्टैग और नकद दोनों माध्यमों से टोल टैक्स वसूलने की ट्रेनिंग दी गई है। प्रतिमाह टोल प्लाजा से करीब 5 से 6 लाख रुपये की वसूली होती है, जिसमें से 30 प्रतिशत हिस्सा महिला समूह को मिलता है। इससे प्रत्येक महिला को लगभग 9500 रुपये की मासिक आय हो जाती है।
शुरुआत में महिलाओं को थोड़ी झिझक जरूर हुई, लेकिन अब वे पूरे आत्मविश्वास के साथ काम कर रही हैं। टोल मैनेजर चमेली राजपूत के अनुसार, महिलाएं कंप्यूटर संचालन सहित अन्य तकनीकी कार्यों में भी पूरी तरह सक्षम हैं। उनका आपसी तालमेल और मेहनत इस परियोजना को सफल बना रही है।