{"vars":{"id": "115716:4925"}}

Ratlam News: रतलाम जिले का मौसम: इंद्र धनुषी रंगों से शुरू हुई बारिश

 

Ratlam News: क्षेत्र में पखवाड़ेभर से बारिश का मौसम बना हुआ है। रोज बादल मंडरा रहे। हालांकि इन 15 दिनों में दो बार बारिश हुई। लेकिन आसपास क्षेत्रों में हुई बारिश और ठंडी हवा चलने से सप्ताहभर पहले दिन का तापमान 30 डिग्री तक आ गया था। वहीं मंगलवार को मौसम का मिजाज बदला और सुबह से उमसभरी गर्मी रही। दोपहर में तापमान 37 डिग्री तक चला गया।

शाम 5 बजे काले बादल छाए। 6.15 बजे ग्राम बानीखेड़ी क्षेत्र में आसमान में बादलों के बीच सूर्य की रोशनी से इंद्र धनुष बनता नजर आया। इसे संजय जायसवाल समेत कई लोगों ने मोबाइल कैमरे में कैद किया। इधर शाम 7.20 बजे जावरा नगर व आसपास क्षेत्र में बारिश हुई। करीब 10 से 15 मिनट तक सिटी में तेज बारिश होने से पानी सड़कों पर बह निकला। कुछ देर मौसम में ठंडक महसूस की गई लेकिन बाद में फिर से उमस ने परेशान किया। अभी एक-दो दिन मौसम ऐसा ही रहेगा।