{"vars":{"id": "115716:4925"}}

फिल्टर प्लांट में गड़बड़ी से शहरी इलाकों में पानी नहीं पहुंचा

 

Barwani News: गुरुवार देर रात नवलपुरा बायपास स्थित फिल्टर प्लांट पर 125 हॉर्सपावर के पंप की सॉफ्ट टूटने से शुक्रवार को शहर के कई मुख्य इलाकों में सुबह से शाम 7 बजे तक जल आपूर्ति ठप रही। नपा की टीम ने देर रात तक सुधार कार्य कर सप्लाई बहाल करने का दावा किया है। दो दिन पहले भी इसी प्लांट का एक पंप खराब हुआ था, जिसे तत्काल बदला गया था।

खराबी का असर एमजी रोड, बोरावाड़ी और चूना भट्टी जैसे इलाकों पर पड़ा, जहां दशहरा मैदान और महेंद्र टॉकीज स्थित टंकी से पानी सप्लाई होता है। सूत्रों के अनुसार टंकी में पानी तो भरा था, लेकिन आपसी खींचतान के कारण वह मुख्य लाइन में छोड़ दिया गया। इससे रानीपुरा, सूख विलास, नवलपुरा और अन्य क्षेत्रों में आंशिक रूप से सप्लाई दी गई, लेकिन दबाव कम होने से लोग पानी से वंचित रह गए।

शहर में कुल 11,132 नल कनेक्शन हैं और एक दिन छोड़कर जल आपूर्ति की जाती है। करीब 15 एमएलडी पानी की रोजाना खपत होती है। नगर में पेयजल व्यवस्था करीब 24 साल पुरानी है, जिससे समय पर आपूर्ति एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है।उधर, ऊपरी क्षेत्रों में बारिश नहीं होने से नर्मदा का जलस्तर घटा है। 24 घंटे में यह 0.15 मीटर कम होकर 116.50 मीटर रह गया है। जलस्तर घटने से पानी मटमैला हो रहा है, जिससे जल संकट की आशंका भी बढ़ रही है।