{"vars":{"id": "115716:4925"}}

आगर – मालवा में आकस्मिक रूप से दो दर्जन कौवे मृत मिले,प्रशासन ने सैंपल जांच के लिए भेजे

 

 

उज्जैन, 23 नवम्बर (इ खबर टुडे / ब्रजेश परमार)। आगर-मालवा जिला मुख्यालय पर रविवार को आकस्मिक रूप से संदिग्ध अवस्था में करीब दो दर्जन  कौवे मृत अवस्था में मिले हैं। इसकी जानकारी मिलने पर पशु चिकित्सा विभाग ने स्थल पर पहुंचकर जांच की है। मृत कौवों में से दो के सैंपल जांच के लिए भोपाल लेब में भेजा गया है। शेष को मानक प्रक्रिया के साथ नगर पालिका के कर्मचारियों ने पशु चिकित्सा विभाग की देखरेख में दफनाया है।

शहर के साईं मंदिर के पीछे स्थित झील क्षेत्र जो कि सघन वृक्षारोपण एवं वनों से आच्छादित है और कौवों का कई वर्षों से कौवों का प्राकृतिक आवास बना हुआ है। यहाँ काफी संख्या में कौवे निवास करते हैं। रविवार दोपहर में यहां कौवों की असामयिक मृत्यु होने एवं कुछ के मूर्छित अवस्था में पाए जाने की सूचना प्रशासन को मिली थी। लगभग दो वर्ष पूर्व भी इस क्षेत्र में इस प्रकार की घटना सामने आई थी। इस क्षेत्र में प्रवासी पक्षी भी आते हैं।

पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उप संचालक डॉ. एम.एल. जारोलिया ने बताया कि सूचना मिलने पर विभाग का दल तत्काल मौके पर पहुंचा था। स्थल पर 23 कौवे मृत अवस्था में मिले थे। विभागीय  दल में शामिल डॉ. अरविंद महाजन एवं डॉ. अंकित जैन द्वारा स्थिति का जायजा लिया गया। यहां से दो कौवों की आवश्यक सैंपलिंग की गई। एकत्र किए गए इन सैंपल्स को वन विभाग के माध्यम से आगामी विस्तृत परीक्षण हेतु हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीज लेबोरेटरी भोपाल भेजा गया है। अभी स्थिति संदिग्ध हैं। जांच रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।

मौके पर पाए गए शेष मृत पक्षियों को नगर पालिका के अमले द्वारा एकत्रित कर लिया गया है। इन्हें निर्धारित प्रक्रिया का पूर्ण पालन करते हुए ट्रेंचिंग ग्राउंड पर सुरक्षित रूप से दफनाया गया है। झील एवं सघन वन क्षेत्र की व्यापक साफ-सफाई की जा रही है। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में फॉगिंग (दवा का छिड़काव) का कार्य भी शीघ्र ही पूरा किया जाएगा।

डॉ.जारोलिया ने घटना को लेकर आमजन को एडवायजरी जारी करते हुए कहा कि  घबराने (पैनिक होने) की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है। एहतियात के तौर पर आवश्यक सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। किसी भी मृत या बीमार पक्षी को न छुएं। यदि क्षेत्र में पक्षियों की असामान्य मृत्यु या बीमारी से संबंधित किसी भी प्रकार की कोई सूचना मिलती है, तो तुरंत पशु चिकित्सा विभाग से संपर्क करें।