ट्रैफिक पुलिस में 56 की जगह 31 जवान, 3 पन्ना और 3 वीआईपी ड्यूटी पर, व्यवस्था में खलल"
Tikamgarh News:शहर की आबादी बढ़ने के बावजूद ट्रैफिक पुलिस की संख्या घटती जा रही है। वर्तमान में 56 की जगह केवल 31 जवान ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे हैं। पहले 75 हजार की आबादी के हिसाब से स्वीकृत पुलिस बल था, लेकिन वाहनों की संख्या और आबादी बढ़ने के बावजूद ट्रैफिक पुलिस का अमला वही है।
साथ ही, जवानों को वीआईपी ड्यूटी और त्योहारों के दौरान शहर से बाहर भेजा जाता है, जिससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर असर पड़ता है।मुख्य बाजारों में ट्रैफिक व्यवस्था बनाना कठिन हो गया है। स्टेट बैंक चौराहा, सैल सागर चौराहा, कटरा बाजार, और लक्ष्मी टॉकीज रोड जैसे स्थानों पर जाम की स्थिति बन रही है। सड़क पर वाहन पार्किंग और दुकानें यातायात की मुख्य समस्याएं हैं। समय-समय पर नगर पालिका और ट्रैफिक पुलिस इन समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करते हैं, लेकिन स्थाई समाधान नहीं निकलता।
स्कूलों की छुट्टी के समय ट्रैफिक जाम की स्थिति और बिगड़ जाती है, क्योंकि कई स्कूल बसें एक साथ शहर में घुसती हैं।मुख्य बाजारों में सड़क पर हाथ ठेलों का अतिक्रमण भी समस्या का कारण बन रहा है। इन ठेले वालों के खिलाफ कार्रवाई तो होती है, लेकिन स्थाई समाधान नहीं निकल पाता। ट्रैफिक पुलिस की संख्या कम होने से कई बार जवानों को दूसरे जिलों में भेजा जाता है।
ट्रायल के तौर पर मिश्रा तिराहा से कोतवाली तक वन-वे सिस्टम शुरू किया गया है, जिससे सैल सागर चौराहे पर राहत मिली है। हालांकि, यह व्यवस्था स्थाई रूप से लागू करने के लिए और सुधार की जरूरत है।