{"vars":{"id": "115716:4925"}}

Burhanpur News: सांसद ने देखी फसलों की स्थिति, किसानों से कहा- सर्वे के बाद मिलेगा मुआवजा

 

Burhanpur News: आंधी-तूफान से प्रभावित फसलों का गुरुवार को सांसद ने जायजा लिया। सुबह 9 बजे फसल नुकसानी का निरीक्षण शुरू हुआ। प्रशासनिक अमले के साथ सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ग्राम रायगांव, फोफनार और बक्खारी पहुंचे। फसलों की स्थिति देखकर सांसद ने अफसरों को जरूरी निर्देश दिए। वहीं उन्होंने किसानों से संवाद कर उन्हें जल्दी ही राहत दिलाने का भरोसा दिया है।

सांसद ने कहा सर्वे पूरा होते ही किसानों को जल्द मुआवजा मिलेगा। मौसम आधारित फसल बीमा योजना लागू करने के लिए भाजपा सरकार प्रतिबद्ध है। इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लोकसभा में भी यह मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया है। सांसद किसानों से चर्चा कर कहा किसानों की चिंता सिर्फ भाजपा सरकार ने की है।

कई अहम फैसले किसानों के हित में लिए गए हैं। किसानों ने कांग्रेस की सरकार भी देखी है, जिसने मुआवजे के नाम पर छल किया। भाजपा सरकार ने 50 प्रतिशत से ज्यादा नुकसान पर दो लाख रुपए प्रति हेक्टेयर मुआवजे का प्रावधान किया है। मंगलवार शाम क्षेत्र में आए आंधी-तूफान और बारिश से नुकसान की जानकारी मिलते ही सांसद ने कलेक्टर हर्ष सिंह से फोन पर बात कर सर्वे दल गठित करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी फसल नुकसानी की स्थिति बताई। इस दौरान एसडीएम पल्लवी पौराणिक, तहसीलदार नितिन चौहान, गोविंदसिंह रावत, जनप्रतिनिधि और किसान मौजूद थे।