{"vars":{"id": "115716:4925"}}

18 से 23 अक्टूबर तक अनाज मंडी का अवकाश, इसके एक दिन पूर्व से ही प्याज मंडी बंद

 

कृषि उपज मंडी स्थित प्याज मंडी शुक्रवार को बंद रहेगी। व्यापारी संघ ने मंडी समिति को पत्र देकर आलू, प्याज, लहसुन मंडी का नीलाम कार्य बंद रखने का पत्र में दिया है। मंडी के अवकाश शनिवार से शुरू हो रहे हैं। अनाज मंडी 18 से 23 अक्टूबर तक बंद रहेगी। इधर आलू, प्याज मंडी एक दिन पूर्व बंद होने का मुख्य कारण मंडी में प्याज का भराव अधिक हो गया है। चार दिन में एक लाख कट्टे की आवक हो गई। दीपावली आने से लंबी दूरी के लोडिंग ट्रक नहीं मिल रहे। अगर कहीं मिल भी रहे तो 80 से 100 रुपए भाड़ा बढ़ चुका है।

इस बार प्याज में किसानों को तो नुकसान मिला ही है कारोबारी भी लाभ में नहीं रहे हैं। ऐसे में मंडी में डंप प्याज उठाना चुनौती बन गया है। देखा जाए तो प्याज 3 से 6 रुपए और 9 से 10 रुपए किलो ही बिक पा रहा है। इधर प्याज के थोक व्यापारी विनोद सिद्धवानी ने बताया प्याज की इस बार आवक अधिक हो गई और डिमांड नहीं आई है। इसके अलावा अगर प्याज को बाहर भेजना है तो इस समय भाड़े वाले ट्रक नहीं मिल रहे हैं और अगर तक मिल भी रहे हैं तो भाड़ा अनाप-शनाप हो चुका है। ऐसे में किसी प्रकार का लाभ नहीं हो रहा है। पहली बार प्याज मंडी दीपावली अवकाश के एक दिन पूर्व से बंद हो रही है। हालांकि किसानों का कहना है कि दीपावली का त्योहार है। शुक्रवार को मंडी चालू रहना थी, इससे किसानों को प्याज बेचने में दिक्कत नहीं आती लेकिन मंडी बंद होने से अब किसानों को यहां-वहां प्याज बेचना पड़ेगा।

अनाज मंडी में रहेगा छह दिन अवकाश

अनाज मंडी शनिवार से छह दिन बंद रहेगी। इसमें शनिवार 18 अक्टूबर को व्यापारी संघ द्वारा पत्र, 19 को रविवार का अवकाश, 20 को दीपावली अवकाश, 21 अक्टूबर को गोवर्धन पूजा अन्नकूट, 23 अक्टूबर को भाई दूज होने से सभी कृषि उपज का नीलम कार्य बंद रहेगा। मंडी 24 अक्टूबर को खुलेगी। इस दिन भावांतर भाव की खरीदी का श्री गणेश हो जाएगा। मंडी व्यापारी संघ ने अवकाशों के लिए मिंडी समिति को पत्र दिया है