मप्र के इस शहर में बनकर तैयार हुआ पहला 'ओपन ऑक्सीजन स्टेशन', खासियत जानकर हिल जाएगा दिमाग
मध्य प्रदेश में पहला ओपन ऑक्सीजन स्टेशन बनकर तैयार हो गया है। यह आम लोगों के लिए बिल्कुल फ्री रहेगा और यहां आकर लोग पर्यावरण के संरक्षण का महत्व समझेंगे और मिनी जंगल उगाने का तरीका जानेगें। इसकी शुरुआत जंगल वास संस्था के द्वारा की गई है और इसका मुख्य उद्देश्य पर्यावरण के प्रति लोगों का जागरूकता बढ़ाना है।
भोपाल में बना है यह पहला ऑक्सीजन स्टेशन
मध्य प्रदेश का पहला ऑक्सीजन स्टेशन भोपाल में बनाया गया है। यहां विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए हैं। इसमें आपको खाने वाले फलों के पौधे के साथ सजावटी पौधे और औषधीय पौधे भी दिखाई देंगे।
5 जून यानी कि कल तक दोपहर 12:00 बजे से 8:00 तक आम लोगों के लिए यह स्टेशन खुला रहेगा और यहां एंट्री भी फ्री में मिलेगी। यहां आने वाले लोगों को समझाया जाएगा कि कैसे पर्यावरण का संरक्षण किया जाता है और जंगल लगाए जाते हैं।
क्या होता है ऑक्सीजन स्टेशन?
ऑक्सीजन स्टेशन एक जीवंत पारिस्थितिक तंत्र होता है जो जैव विविधता बढ़ाने के लिए खोला जाता है। इसमें विभिन्न प्रकार की प्राकृतिक चीजों को रखा जाता है जिससे जंगल उगाया जा सके।
इस स्टेशन में 10 से लेकर 1000 तक विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। इसमें हवा शुद्ध करने वाले पौधे और खाने योग्य पौधे भी रखे गए हैं। यह ऑक्सीजन स्टेशन केवल हरियाली के लिए नहीं बल्कि प्रकृति से जुड़ने का भी एक माध्यम है। इस ऑक्सीजन स्टेशन में सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि दुनिया के कई बड़े-बड़े देशों से पौधे लाए गए हैं। ऑक्सीजन स्टेशन का मुख्य उद्देश्य पेड लगाना और पौधों की सुरक्षा करना है।