छात्राओं को साइबर जागरूकता कैंप में सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों की जानकारी
Chhatarpur News: सीएम राइस स्कूल में छात्राओं के लिए साइबर जागरूकता कैंप आयोजित किया गया। यह कैंप थाना पुलिस के जवानों और उपनिरीक्षक एमएल मरावी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कैंप में महिला आरक्षक रूबी यादव ने छात्राओं को बताया कि सोशल मीडिया और इंटरनेट का उपयोग सीमित और सुरक्षित तरीके से करना चाहिए। इंटरनेट पर कई लोग षड्यंत्र और धोखाधड़ी का शिकार होते हैं, जिससे उन्हें आर्थिक, सामाजिक और मानसिक नुकसान होता है। हल्की सी चूक भी किसी को साइबर ठगों का शिकार बना सकती है।
छात्राओं को बताया गया कि उन्हें इंटरनेट का इस्तेमाल केवल अच्छे कार्यों के लिए करना चाहिए और किसी भी संदिग्ध लिंक या संदेश से सावधान रहना चाहिए। कैंप के दौरान स्कूल की बेटियों को “बेटी की पेटी” पहल के बारे में भी जानकारी दी गई और इसके महत्व पर जोर दिया गया।
छात्राओं ने कैंप में बढ़चढ़ कर भाग लिया और सवाल-जवाब में सक्रिय सहभागिता दिखाई। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य और अन्य स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे।
इस कैंप का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को साइबर क्राइम से सुरक्षित रखना और उन्हें सोशल मीडिया के सुरक्षित और सही उपयोग के बारे में शिक्षित करना था।