मध्यप्रदेश में मानसून हुआ एक्टिव, इंदौर सहित प्रदेश में बारिश का दौर जारी, अगले चार दिन जमकर बरसेंगे बादल
इंदौर,26 जून (इ खबर टुडे ) । बुधवार को हुई झमाझम बारिश का असर गुरुवार को भी देखने को मिला। सुबह से ही मौसम सुहाना बना रहा। आसमान पर बादलों का डेरा रहा और ठंडी हवाओं के बीच लोगों को गर्मी से राहत मिली। मगर दोपहर के समय कुछ देर के लिए धूप निकलने से उमस जरूर बढ़ गई, लेकिन शाम होते ही मौसम ने फिर करवट ली और कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई।
इंदौर के पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्रों में करीब एक घंटे तक तेज बरसात हुई। इसके बाद भी रुक-रुककर पानी गिरता रहा। बारिश के कारण मौसम में ठंडक घुल गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश आंधी और बिजली गिरने को लेकर अलर्ट जारी किया है। इंदौर, भोपाल, रायसेन, बैतूल, हरदा, खंडवा, बड़वानी, बालाघाट, बुरहानपुर, सिवनी सहित कई जिलों में मौसम सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है। 25 से 29 जून तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तेज बारिश होने की चेतावनी दी गई है। गुरुवार को पूर्वी दिशा से हवाएं चलीं।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। मानसून की उत्तरी सीमा सूरत, इंदौर, मंडला, डालटनगंज और मोतिहारी जैसे क्षेत्रों से होकर गुजर रही है। आने वाले तीन से चार दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के गुजरात, मध्य प्रदेश के अन्य हिस्सों, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार के शेष भागों और उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के कुछ हिस्सों तक आगे बढ़ने के लिए मौसम अनुकूल बना हुआ है।
प्रदेश में कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं, जिनके कारण बरसात का दौर बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं बिजली चमकने और गरज-चमक के साथ बरसात होने की संभावना है।