Mandsaur News: मंदसौर मंडी में लहसुन व प्याज के रेट गिरे औंधे मुंह , एमपी, राजस्थान के किसानों को हो रहा नुकसान
Mandsaur News: मंदसौर में सफेद सोना कही जाने वाली लहसुन के दाम इस बार कम है। तीन माह पहले तक लहसुन मंडी में 25 हजार रुपए प्रति क्विंटल के दाम से बिक रही थी। लेकिन यह दाम अब औंधे मुंह गिर गए और अब दाम 7 से 8 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक ही रह गए है। लहसुन ही नहीं प्याज के दामों में भी गिरावट आ रही है। प्याज व लहसुन उत्पादन वाले जिले में दामों में गिरावट से किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है।
मंडी में इन दिनों लहसुन-प्याज की आवक तेज हैं लेकिन दाम कम है। आवक अधिक होते ही दामों में गिरावट भी लगातार दर्ज की जा रही है। दिसंबर-जनवरी माह में लहसुन के दाम मंडी में किसानों को 20 से 25 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक मिल रहे थे, अब लहसुन के अधिकतम भाव 7 से 8 हजार रुपए प्रति क्विंटल रहे गए हैं। वहीं प्याज के दाम भी कमजोर हैं। अब मंडी में अच्छी गुणवत्ता के प्याज 800 से 900 रुपए प्रति क्विंटल बिक रहे हैं। वहीं प्याज के न्यूतनम भाव 250 से 300 रुपए प्रति क्विंटल हैं। प्याज के दामों में तीन माह में करीब 2500 से 3000 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट हुई हैं।
उज्जैन जिले से प्याज बेचने मंदसौर मंडी आए किसान रामप्रसाद शर्मा ने बताया कि अच्छी गुणवत्ता के प्याज बेचने के लिए मंदसौर मंडी आया हूं। यहां बेहतर दाम मिलने की उम्मीद थी, लेकिन हमारे प्याज 900 रुपए क्विंटल के भाव बिके हैं। किसान कारुलाल पटेल ने बताया कि लहसुन व प्याज के दाम बहुत कम मिल रहे हैं। लागत भी निकालना मुश्किल हो रहा हैं।
25 हजार तक पहुंचे थे दाम
मंदसौर मंडी में लहसुन के दाम इसी साल जनवरी माह में 25 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गए थे। अब लगातार लहसुन के दामों में गिरावट हुई हैं। अब अच्छी गुणवत्ता की लहसुन के दाम किसानों 7 से 8 हजार रुपए प्रति क्विंटल मिल रहे हैं। मंडी में सबसे ज्यादा लहसुन की आवक बनी हुई हैं। अभी भी 20 हजार कट्टे लहसुन की आवक प्रतिदिन हो रही हैं।
प्याज के दामों में अधिक गिरावट
मंडी में प्याज की आवक बढ़ी है। लेकिन दामों में गिरावट के कारण किसानों को परेशानी हो रही हैं। तीन से चार महीने में प्याज के दामों में 2500 से 3000 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट हुई हैं। शनिवार को मंडी में किसानों को प्याज के दाम 250 से 900 रुपए प्रति क्विंटल तक ही मिले थे। लगातार गिरते दामों के बाद भी किसानों को मजबुरी में कम दाम में भी अपनी उपज को मंडी में बेचना पड़ रही है।
मंदसौर मंडी में मंदसौर जिले के साथ ही रतलाम, उज्जैन, देवास, नीमच सहित प्रदेशभर के कई जिलों के साथ ही राजस्थान के किसान भी अपनी उपज बेचने आते हैं। लहसुन के दाम बेहतर मिलने की उम्मीद से अधिकांश किसान यहां आते हैं। तीन माह पहले जब लहसुन के दाम 20 से 25 हजार रुपए प्रति क्विंटल थे तब भी आवक तेज बनी हुई थी और अब भी आवक बंपर ही हैं। लेकिन आगे मांग कमजोर होते ही दामों में गिरावट का सिलसिला बना हुआ है। दिसंबर-जनवरी माह में चार हजार रुपए प्रति क्विंटल तक बिक रहे प्याज के दाम अब 1000 तक भी नहीं बचे है। मंडी में अच्छी क्वालिटी के प्याज के 900 से अधिक भाव में नहीं मिल रहे हैं।