{"vars":{"id": "115716:4925"}}

जिले में नया बस स्टैंड विवाद में, 70 लाख मुरम पुराई पर खर्च

 

Chhatarpur News: बिजावर के महाराजगंज नयाताल रोड पर नया बस स्टैंड बन रहा है। आम आदमी पार्टी ने निर्माण में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कलेक्टर से शिकायत की है। पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी अमित भटनागर, पार्षद रामपाल शर्मा और दिव्या अहिरवार ने कहा कि निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपए स्वीकृत थे, लेकिन 70 लाख रुपए मुरम पुराई पर खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इतनी बड़ी रकम बिना टेंडर और आधिकारिक स्वीकृति के खर्च की जा रही है, जो गंभीर मामला है।

पार्टी नेताओं ने बताया कि पूर्व में शिकायत के बावजूद कोई जांच या कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कलेक्टर से उच्च स्तरीय जांच समिति बनाकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इसके साथ ही कहा कि जांच पूरी होने तक टेंडर प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए।

अमित भटनागर ने कहा कि बजट का 70% हिस्सा मुरम पुराई पर खर्च कर दिया गया और अब उसे सही ठहराने के लिए टेंडर की औपचारिकता की जा रही है। आगामी दिनों में जरूरत पड़ने पर विरोध प्रदर्शन भी किया जाएगा। ज्ञापन सौंपते समय राहुल अहिरवार, हिसाबी राजपूत, ऊषा अहिरवार और बबलू कुशवाह्य सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।