{"vars":{"id": "115716:4925"}}

MP News: विकसित मध्यप्रदेश की आधारशिला बनेगा यह जिला, 188 नई औद्योगिक इकाइयों की हुई स्थापना

 

MP News: प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आत्मनिर्भर और विकसित मध्यप्रदेश का रोडमैप तैयार है। विकसित जिले की संकल्पना पर काम हो रहा है। इसी के तहत प्रदेश का खरगोन जिला अपनी क्षमताओं और अवसरों के आधार पर नई ऊंचाई की ओर बढ़ रहा है। अधोसंरचना, उद्योग, पर्यटन, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, मत्स्य पालन और पेयजल में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

खरगोन विकसित मध्यप्रदेश की आधारशिला बनेगा। यह विचार स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान जिले के प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग ने कही। जिला स्तरीय समारोह डीआरपी लाइन में हुआ। इसके मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री सारंग थे। उन्होंने ध्वजारोहण किया। कलेक्टर भव्या मित्तल और पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना मौजूद रहे। मंत्री सारंग ने परेड की सलामी ली। इस दौरान भोपाल के लाल परेड मैदान से मुख्यमंत्री मोहन यादव का संदेश का पहली बार लाइव प्रसारण जिला स्तर पर भी देखा गया।

188 नई औद्योगिक इकाइयों की हुई स्थापना

महेश्वर में 20 हेक्टेयर का नया औद्योगिक क्षेत्र और सनावद में 9 हेक्टेयर का फूड पार्क बन रहा है। वर्ष 2025 में जिले में 188 नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना हुई है। महेश्वर में 6 करोड़ की लागत से लाइट एंड साउंड शो तैयार हो रहा है। बिस्टान, पिपरी, बलकवाड़ा और झिरन्या में सिंचाई परियोजनाएं चल रही हैं।

क्रांति सूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय की स्थापना हो चुकी है। दो नए आईटीआई और झिरन्या व भगवानपुरा में नए महाविद्यालय बन रहे हैं। जिले ने सिकल सेल स्क्रीनिंग में अच्छा कार्य किया है। जल जीवन मिशन के तहत 1140 ग्रामों में पेयजल पहुंचाया गया है। मंत्री ने बताया कि खरगोन कृषि प्रधान जिला है। यहां 4 लाख हेक्टेयर में कपास, मिर्ची, सोयाबीन, मक्का और डालर चना का उत्पादन होता है। इनकी गुणवत्ता उच्च है और निर्यात भी होता है।